Last Updated:
KKR vs LSG Moments: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबलों में से एक रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया.इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सुपर ओवर में लखनऊ से मिले 2 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने रिंकू के बल्ले से निकले चौके के साथ पहले ही गेंद पर हासिल कर लिया. केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए थे. जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी 8 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया. इसके बाद आईपीएल 2026 का पहला सुपर ओवर खेला गया.
सुपर ओवर में केकेआर की ओर से गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सुनील नरेन को सौंपी गई. नरेन ने पहली ही गेंद पर लखनऊ के बल्लेबाज निकोलस पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया. वहीं, दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत ने एक रन बनाया. ओवर की तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम ने भी बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री लाइन पर रोवमैन पॉवेल ने शानदार फील्डिंग करते हुए छक्के की ओर जाती गेंद को रिंकू संग मिलकर कैच में तब्दील कर दिया. एलएसजी की टीम सुपर ओवर में महज एक रन ही बना सकी. केकेआर की तरफ से सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाते हुए केकेआर को जीत दिला दी.

मोहम्मद शमी ने छक्का लगाकर इस मैच को टाई कराया. लखनऊ को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रनों की दरकार थी और क्रीज पर हिम्मत सिंह और मोहम्मद शमी मौजूद थे. ओवर की पहली गेंद पर शमी ने एक रन लिया. इसके बाद केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगली दो गेंदें नो-बॉल फेंकी, जिस पर हिम्मत 6 रन बटोरने में सफल रहे. हालांकि, तीसरी गेंद पर कार्तिक ने हिम्मत सिंह की 10 गेंदों में खेली गई 19 रनों की पारी का अंत कर दिया. ओवर की चौथी गेंद पर प्रिंस यादव ने एक रन लिया, तो पांचवीं गेंद डॉट रही. ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने जोरदार छक्का लगाया और मैच को टाई कराते हुए सुपर ओवर में पहुंचा दिया. शमी 6 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे.

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मिचेल मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई. मार्करम ने 27 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि पंत ने 38 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया. पंत ने अपनी पारी में 4 चौके और एक छक्का लगाया. निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह 9 रन ही बना सके. मुकुल चौधरी महज एक रन बनाकर अनुकूल रॉय का शिकार बने. आयुष बदोनी ने 19 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए. वहीं, जॉर्ज लिंडे 8 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने. गेंदबाजी में केकेआर की तरफ से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने दो-दो विकेट चटकाए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रिंकू सिंह इस मैच के हीरो रहे, जिन्होंने न सिर्फ सुपर ओवर में विनिंग चौका लगाया, बल्कि केकेआर की जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई. पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की पारी लड़खड़ा चुकी थी. उसके चार विकेट 31 रन पर ही गिर गए थे. कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, टिम सीफर्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. अंगकृष रघुवंशी 9 रन ही बना सके. रोवमैन पॉवेल को एक रन के स्कोर पर मोहसिन खान ने पवेलियन भेजा. कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 34 रन बनाए. अंत के ओवरों में रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली. रिंकू ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 5 छक्के लगाए. रिंकू ने सुनील नरेन (नाबाद 4 रन) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 62 रन जोड़े.

अंगकृष रघुवंशी के विकेट पर बवाल देखने को मिला. दरअसल, ऐसा केकेआर की पारी के 5वें ओवर में हुआ. प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला और रन लेने के लिए तेजी से दौड़े. हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े कैमरन ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया. क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई. अंगकृष ने जिस समय अपना विकेट बचाने के लिए डाइव लगाई उसी वक्त फील्डर ने गेंद को थ्रो किया, जो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगा. ऐसा होते ही एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने अपील कर दी. मामला थर्ड अंपायर तक पहुंचा, जहां रिप्ले देखने के बाद अंगकृष को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के कारण आउट करार दे दिया गया.

अंपायर के इस फैसले से अंगकृष और केकेआर का पूरा खेमा नाखुश नजर आया. अंगकृष ने पवेलियन लौटते समय जोर से अपना बल्ला जमीन पर मारा और हेलमेट को बाउंड्री लाइन के पास ही फेंक दिया. वहीं, केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर भी अंपायर से काफी देर तक बातचीत करते हुए नजर आए और उनके चेहरे पर गुस्सा साफतौर पर झलक रहा था. अंगकृष आईपीएल में ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ की वजह से आउट होने वाले चौथे बल्लेबाज बने. पहले अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, युसूफ पठान को भी इसी तरह आउट दिया जा चुका है.

रिंकू सिंह ने पारी के आखिरी ओवर में लगातार छक्के जड़े. ऋषभ पंत ने 20वें ओवर की जिम्मेदारी दिग्वेश राठी को सौंपी. वाइड से ओवर की शुरुआत करने के बाद दिग्वेश ने दूसरी गेंद डॉट फेंकी. फिर एक और वाइड फेंक दी. हालांकि, इसके बाद रिंकू ने दिग्वेश को आड़े हाथों लेते हुए लगातार चार छक्के लगा दिए. पहले लॉन्ग ऑन की तरफ तो दूसरा एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से. चौथी गेंद को रिंकू ने फिर लॉन्ग ऑन की दिशा में उड़ा दिया, जिसके बाद गेंदबाज ने राउंड द विकेट आने का फैसला लिया, लेकिन इसका असर रिंकू पर नहीं पड़ा और उन्होंने लगातार चौथा छक्का जमाकर ओवर से 26 रन बटोर लिए.

रिंकू के तूफान से पहले एलएसजी के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने इतिहास रचा. मोहसिन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए. मोहसिन की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे केकेआर का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया. उन्होंने अजिंक्य रहाणे, टिम सीफर्ट, कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल और अनुकूल रॉय को पवेलियन भेजा. वह आईपीएल इतिहास में सबसे बेस्ट गेंदबाजी स्पेल डालने वाले बाएं हाथ के भारतीय तेज गेंदबाज बन गए. इसके साथ ही मोहसिन ने लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से दूसरा बेस्ट गेंदबाजी स्पेल भी डालने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. मोहसिन केकेआर के खिलाफ एक मैच में 5 विकेट लेने वाले महज तीसरे तेज गेंदबाज बने. उनसे पहले यह कारनामा जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल ही कर सके हैं.

रिंकू सिंह ने मैच में 4 कैच लपके. वहीं, सुपर ओवर में भी रोवमैन पॉवेल के साथ मिलकर एक जबरदस्त कैच लिया. मैच के दौरान रिंकू ने अपना पहला ही कैच जबरदस्त अंदाज में लपका और ऐडन मार्करम को पवेलियन की राह दिखाई. मार्करम ने ऑफ-साइड की गेंद पर आगे बढ़कर एक दमदार शॉट खेला. गेंद बल्ले के बीचों-बीच लगी थी और सीधे बाउंड्री की तरफ जा रही थी, लेकिन लॉन्ग-ऑफ पर तैनात रिंकू बीच में आ गए. उन्होंने दौड़कर गेंद को लपका, लेकिन वे बाउंड्री के बिल्कुल नजदीक थे. खुद को बाउंड्री के बाहर जाते देख रिंकू ने बड़ी ही चतुराई से गेंद को हवा में उछाल दिया. खुद बाउंड्री लाइन के बाहर गए और फिर तुरंत अंदर आकर कैच को पूरा किया.


