Last Updated:
Firozabad News: यूपी के फिरोजाबाद में एक बेटी दुल्हन बन तैयार थी, लेकिन बारात आने से पहले ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया और शादी वाले घर में रोना-धोना शुरू हो गया. आइए आपको पूरी घटना के बारे में विस्तार से बताते हैं.
फिरोजाबाद में टूटी शादी
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक बेटी का घर बसने से पहले उजड़ गया. फिरोजाबाद जिले के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव नीम खेड़िया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के दिन दुल्हन बारात का इंतजार करती रह गई, लेकिन दूल्हा ही घर से फरार हो गया. इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और शादी वाला घर मातम में बदल गया.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बॉबी जाटव की बेटी मोहिनी की शादी पुष्पेंद्र नामक युवक से तय हुई थी. शादी की तारीख 27 अप्रैल निर्धारित थी और बारात उसी दिन आनी थी. शादी को लेकर घर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. रिश्तेदार और मेहमान भी बड़ी संख्या में पहुंच चुके थे. घर को सजाया गया था और दुल्हन मोहिनी भी ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर मंडप में बैठकर बारात का इंतजार कर रही थी.
बारात छोड़ दूल्हा घर से फरार
परिवार की ओर से मेहमानों को भोजन भी कराया गया और देर रात तक बारात आने की उम्मीद में सभी लोग इंतजार करते रहे, लेकिन इसी बीच खबर मिली कि दूल्हा पुष्पेंद्र अपने घर से ही फरार हो गया है और बारात नहीं आएगी. यह सुनते ही शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई. दुल्हन मोहिनी यह खबर सुनते ही बेहोश होकर गिर पड़ी, वहीं पिता बॉबी जाटव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
दूल्हे की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. महिलाओं और पुरुषों की भीड़ लग गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. शादी का मंडप सूना पड़ा रहा और खुशियों का माहौल पल भर में गम में बदल गया. परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दूल्हे की तलाश की जा रही है. वहीं परिवार का कहना है कि इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


