Last Updated:
एक तरफ जहां वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को खेलने उतरे और तूफानी पारी खेलने के बाद फिफ्टी से चूक गए. वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान सुपर लीग में बाबर आजम ने धमाकेदार सेंचुरी बना दी. इसी के साथ टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर नौ शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए.
बाबर आजम ने पाकिस्तान सुपर लीग में जमाया एक और शतक
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर मंगलवार को सबकी नजर थी. उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन फिफ्टी बनाने से चूक गए. एक तरफ जहां वैभव फेल हो गए तो दूसरी तरफ पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम पाकिस्तान सुपर लीग में धमाकेदार सेंचुरी ठोक दी. इसी के साथ टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर नौ शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. उन्होंने पीएसएल क्वालिफायर में पेशावर जाल्मी की ओर से इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ 59 गेंद में 103 रन बनाकर फाफ डु प्लेसिस का आठ शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा.
डु प्लेसिस ने यह रिकॉर्ड 216 मैचों में बनाया था, जबकि बाबर ने सिर्फ 154 मैचों में ही इसे तोड़ दिया. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इस साल शानदार फॉर्म दिखाई है. उन्होंने दस मैचों में 84 की औसत और 146.26 के स्ट्राइक रेट से 588 रन बनाए हैं. हालांकि यह प्रदर्शन उनके आलोचकों को पूरी तरह चुप नहीं करा पाया है, लेकिन उन्होंने ऐसे संकेत जरूर दिए हैं कि राष्ट्रीय चयनकर्ता उन्हें फिर से पाकिस्तान टीम में शामिल करने पर विचार कर सकते हैं. इस्लामाबाद के खिलाफ इस शतक में भी ओपनर के तौर पर बाबर ने 12 चौके और चार छक्के लगाए और 174.57 के स्ट्राइक रेट से पारी समाप्त की.
यह पीएसएल में बाबर का चौथा शतक था. इससे पहले उन्होंने 2022 और 2023 में एक-एक शतक लगाया था. इसके साथ ही उन्होंने लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में उस्मान खान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. उस्मान ने यह कारनामा 35 मैचों में कर दिखाया, जबकि बाबर को इसके लिए 110 मैच लगे. बाबर के लिए इससे भी खास रिकॉर्ड यह है कि यह उनका पाकिस्तान में आठवां टी20 शतक था. दुनिया में किसी भी खिलाड़ी ने एक ही देश में इतने टी20 शतक नहीं लगाए हैं. बाबर ने अभिषेक शर्मा (भारत में 150 मैचों में आठ शतक) और विराट कोहली (भारत में 292 मैचों में आठ शतक) के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
Babar Azam brings up his fourth PSL hundred with a six 🙌


