नई दिल्ली. भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने बुधवार को कहा कि आईपीएल 2026 में बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन का कारण उनका आक्रामक सोच और सही रणनीति अपनाना है. जहां आमतौर पर बल्लेबाज गेंदबाजों की खूब पिटाई कर रहे हैं, वहीं पिछले हफ्ते अकील होसीन (4/17), मोहसिन खान (5/23), जोश हेजलवुड (4/12) और भुवनेश्वर कुमार (3/5) ने शानदार छाप छोड़ी है.
जहीर खान ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि गेंदबाज आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में वापसी कर रहे हैं. आपने कम स्कोर भी देखे हैं. 155 रन के मैच भी डिफेंड होते देखे हैं और एक टीम 76 पर ऑल आउट भी हुई है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है आक्रामकता और सही तरीका गेंदबाजों के लिए काम कर रहा है. जिन टीमों के पास अच्छी गेंदबाजी बैलेंस है, वही इस टूर्नामेंट में असर दिखा रही हैं.
बुमराह पर बोले जहीर खान
जहीर ने जसप्रीत बुमराह के फॉर्म को लेकर ज्यादा कुछ नहीं कहा, जिन्होंने इस आईपीएल में सात मैचों में सिर्फ दो विकेट लिए हैं. जहीर बोले, “ऐसा सीजन चल रहा है उनका. एक गेंदबाज के तौर पर आप ऐसे फेज से गुजरते हैं. इससे आप बड़े या छोटे गेंदबाज नहीं बन जाते. ये बस एक फेज है और वो खुद भी इसे जानते हैं. अभी उनके लिए सात मैच बाकी हैं, तो उनके पास चीजें बदलने का पूरा मौका है.
वैभव के बांधे तारीफों के पुल
जहीर ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी की भी तारीफ की कि वो अपने नेचुरल तरीके से खेल रहे हैं. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है ये उनकी काबिलियत और आत्मविश्वास है. ये बस एक खास टैलेंट है.” उन्होंने कहा, “वो बिना किसी दबाव के खेल रहे हैं, बस बॉल देख रहे हैं, हिट कर रहे हैं और उनके पास वो टैलेंट और काबिलियत है. लगातार ऐसा करना ही वैभव सूर्यवंशी के बारे में सबसे खास बात है. वो बस मैदान में जा रहे हैं और खेल का मजा ले रहे हैं.
फिटनेस और फॉर्म का सीधा कनेक्शन
जहीर, जिनके नाम 311 टेस्ट विकेट हैं, ने लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन की चोटों से जूझती करियर पर भी बात की. उन्होंने कहा, “वो काफी समय से चोटों से जूझ रहे हैं. उन्हें वापसी करते देखना अच्छा है. अब देखना है कि वो कितना असर डालते हैं.” जहीर बोले, “टैलेंट तो है, अब फिटनेस को सही तरीके से मैनेज करना होगा क्योंकि पिछले दो-तीन सीजन में वो रुक-रुक कर खेले हैं. उनके लिए ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना जरूरी है.” उन्होंने कहा, “मुझे प्रिंस यादव को देखकर भी खुशी हो रही है, जो बहुत अच्छा कर रहे हैं, पिछले साल उन्होंने बहुत मेहनत की है. आपने प्रफुल हिंगे को भी देखा है, जिन्होंने अच्छा असर डाला है.
भुवी के भविष्य पर बोले जहीर
जहीर ने कहा कि 36 साल के भुवनेश्वर कुमार शायद इंडिया में वापसी का सोच रहे होंगे. उन्होंने कहा, “अच्छा लग रहा है कि भुवनेश्वर ऐसी परफॉर्मेंस दे रहे हैं. मुझे यकीन है वो जरूर ऐसा सोच रहे होंगे.” उन्होंने कहा, “आईपीएल एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां कई खिलाड़ियों ने खुद को दिखाया है और भुवनेश्वर ने भी ये साबित किया है. इस सीजन में अब बस मजबूत फिनिश करना है. आईपीएल के बाद भी कई बार मौके मिलते हैं, तो क्यों नहीं?” जहीर ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी को भी सलाह दी, जिन्होंने रेड बॉल सीजन में अच्छा किया है, कि आईपीएल में अपने मौके का पूरा फायदा उठाएं. उन्होंने कहा, “बस वही करते रहो जो अब तक करते आए हो, ये बहुत जरूरी है. साथ ही ये भी मौका मिलने पर निर्भर करता है. आईपीएल में खेलने वाले किसी भी खिलाड़ी के लिए ये एक बड़ा प्लेटफॉर्म है, बस तैयार रहो और मौका मिले तो उसे पकड़ लो.


