Last Updated:
David warner 3 glass wine drunk: डेविड वॉर्नर एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. सिडनी में ईस्टर संडे की रात उन्हें शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में पकड़ा गया. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, वॉर्नर के खून में अल्कोहल का स्तर 0.104 पाया गया, जो कानूनी सीमा से दोगुने से भी अधिक है.पीएसएल 2026 में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे वॉर्नर ब्रेक के दौरान ऑस्ट्रेलिया लौटे थे. अब उन्हें 7 मई को कोर्ट में पेश होना होगा, जिससे उनके करियर और व्यावसायिक अनुबंधों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
डेविड वार्नर की कोर्ट में पेशी 7 मई को होगी.
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे विस्फोटक और विवादित ओपनर्स में से एक डेविड वॉर्नर एक बार फिर गलत वजहों से सुर्खियों में हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वॉर्नर का नाम मैदान से बाहर की एक बड़ी कंट्रोवर्सी से जुड़ गया है.वॉर्नर को सिडनी के पूर्वी उपनगर में शराब पीकर गाड़ी चलानेके आरोप में पकड़ा गया है. यह घटना तब सामने आई है जब वॉर्नर वर्तमान में पाकिस्तान सुपर लीग खेल रहे हैं. न्यूज़कॉर्प की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वाकया ईस्टर संडे की रात का है. 39 वर्षीय वॉर्नर अपनी वैन से मारौबरा स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे. रास्ते में सिडनी पुलिस ने ‘रैंडम ब्रीथ टेस्टिंग’ के लिए एक चेकपॉइंट बनाया हुआ था. पुलिस ने देखा कि चेकपॉइंट से कुछ ही दूरी पहले एक वैन अचानक रुक गई और पार्क होने लग. संदिग्ध गतिविधि देख अधिकारियों ने वाहन की जांच की और वॉर्नर का मौके पर ही टेस्ट किया जो पॉजिटिव निकला.
रिपोर्ट्स के अनुसार, डेविड वॉर्नर (David Warner) ने पुलिस के साथ सहयोग किया और स्वीकार किया कि वह अपने एक दोस्त के साथ थे और गाड़ी चलाने से पहले उन्होंने तीन गिलास वाइन पी थी. पुलिस उन्हें मारौबरा पुलिस स्टेशन ले गई, जहां विस्तृत जांच में उनके खून में अल्कोहल का स्तर 0.104 पाया गया. ऑस्ट्रेलिया में कानूनी सीमा 0.05 है, जिसका अर्थ है कि वॉर्नर का अल्कोहल स्तर निर्धारित सीमा से दोगुने से भी अधिक था. उन पर ‘मिड-रेंज ड्रिंक-ड्राइविंग’ का आरोप लगाया गया है और उन्हें 7 मई को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है.
डेविड वार्नर की कोर्ट में पेशी 7 मई को होगी.
पीएसएल के बीच ऑस्ट्रेलिया वापसी और हादसा
हैरानी की बात यह है कि डेविड वॉर्नर इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं. वह टूर्नामेंट के बीच में मिले ब्रेक के दौरान कुछ समय के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटे थे. महज कुछ दिन पहले, 2 अप्रैल को उन्होंने लाहौर में एक मैच के दौरान शानदार अर्धशतक जड़ा था. खेल के मैदान पर उनकी फॉर्म अब भी बरकरार है, लेकिन मैदान के बाहर के इस आचरण ने उनके पेशेवर करियर पर फिर से सवालिया निशान लगा दिए हैं. हाल ही में वॉर्नर का घरेलू टी20 सीजन भी शानदार रहा था. बिग बैश लीग में उन्होंने सिडनी थंडर के लिए 86.6 की औसत से रन बनाए थे और उन्हें टूर्नामेंट की ‘टीम ऑफ द सीजन’ का कप्तान भी चुना गया था. हालांकि, इस ताज़ा विवाद पर सिडनी थंडर ने फिलहाल कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
शानदार करियर और विवादों का साया
डेविड वॉर्नर का करियर जितना रनों से भरा रहा है. उतना ही विवादों से भी घिरा रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट मैचों में 8786 रन बनाए, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 335 रनों की ऐतिहासिक पारी भी शामिल है. 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वह कमेंट्री और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में व्यस्त हैं. लेकिन उनका अतीत उनका पीछा नहीं छोड़ रहा. 2018 का कुख्यात ‘सैंडपेपर गेट’ (बॉल टैम्परिंग स्कैंडल) उनके करियर का सबसे काला अध्याय माना जाता है, जिसके कारण उन पर कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगा था (जिसे बाद में हटा लिया गया). अब, 39 साल की उम्र में इस कानूनी पचड़े ने उनकी व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं और विज्ञापन अनुबंधों पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं.
भविष्य पर संकट
अगर कोर्ट में वॉर्नर दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर भारी जुर्माना और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने जैसी कार्रवाई हो सकती है. खेल जगत में अनुशासन को सर्वोपरि माना जाता है और एक पूर्व कप्तान व दिग्गज खिलाड़ी से ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती. कराची किंग्स और उनके अन्य प्रायोजक इस मामले के कानूनी परिणाम का इंतजार कर रहे हैं.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


