Last Updated:
Maharajganj News: महराजगंज के इंडो-नेपाल बॉर्डर के पास स्थित सुस्ता गांव में करोड़ों की लागत से बना पुल चर्चा में है. दुर्गम क्षेत्र होने के कारण यह गांव पहले कटा हुआ था, लेकिन अब आवागमन आसान हो गया है. यह गांव अब एक नया उदाहरण भी बन चुका है. वहीं यह पूल जगह सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के लिए आकर्षण बन गई है.
महराजगंज: उत्तर प्रदेश का महराजगंज जिला पड़ोसी देश नेपाल से सटा हुआ जिला है, जहां से भारत और नेपाल दोनों ही देशों के लोगों का आवागमन देखने को मिलता है. महराजगंज जिले की बात करें तो यह प्राकृतिक सौंदर्य से भरा हुआ जिला है, जहां के अलग-अलग पर्यटन स्थल लोगों को आकर्षित करते हैं. नेपाल से सटे होने की वजह से जिले से थोड़ी दूरी पर नेपाल के कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जो खूब पसंद किए जाते हैं. कई बार ऐसा भी होता है कि कोई विकास परियोजना पूरी होने के बाद वह एक पर्यटन स्थल का रूप ले लेता है.
इंडो नेपाल बॉर्डर के पास के गांव सुस्ता में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है. नेपाल के दूर दराज के क्षेत्र में मौजूद यह गांव पहले नेपाल की मुख्य धारा से दूर था. लोगों को आने-जाने के लिए नाव के सहारे नदी को पार करना पड़ता था, जो आमजन के जीवन को पूरी तरह से प्रभावित करता था. लोगों के आवागमन को सुगम बनाने और इस गांव को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए नदी पर करोड़ों की लागत से एक पुल बना दिया गया.
सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर का शूटिंग डेस्टिनेशन
नेपाल के सुस्ता गांव के लोगों के आवागमन को आसान बनाने वाला यह सुस्ता पुल अब सिर्फ एक सामान्य पुल नहीं रह गया है, बल्कि यह एक पर्यटन स्थल का भी रूप ले चुका है. गंडक नदी पर बने इस पुल को देखने के लिए लोग आते-जाते रहते हैं. यह पुल सुस्ता गांव के लिए एक लाइफ लाइन की तरह तो है ही, इसके साथ ही खूबसूरत प्राकृतिक सौंदर्य से भी भरा हुआ है. इस पुल पर जाने के बाद खूबसूरत गंडक नदी के पानी के बहाव के साथ ही नेपाल के पहाड़ों की खूबसूरती देखने को मिलती है, जो इसे सबसे आकर्षक बनाता है.
सुबह और शाम के समय यहां पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है, जो इस पुल को देखने के लिए आते हैं. इसके साथ ही इस क्षेत्र के जो लोकल सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं, उनके लिए भी यह एक बेहतरीन शूटिंग डेस्टिनेशन बन चुका है. समय-समय पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसके फोटो और वीडियो वायरल होते रहते हैं. एक गांव के लिए बना यह पुल न सिर्फ उस गांव को मुख्य धारा से जोड़ रहा है, बल्कि पर्यटकों को भी अपनी ओर खींच रहा है.
पर्यटकों के आने से बढ़ रही आर्थिक गतिविधि
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से थोड़ी ही दूरी पर यह पुल मौजूद है. महराजगंज जिले के आखिरी छोर पर मौजूद टेल फाल से यह पुल बहुत ही सुंदर दिखता है. यहां से नजदीक होने की वजह से भी महराजगंज जिले के बहुत से लोग इस पुल को देखने के लिए जाते रहते हैं. लोगों के आवागमन के लिए पुल को ऐसा बनाया गया है कि उस पर मोटरसाइकिल से भी आना जाना हो सकता है.
नेपाल के सुस्ता गांव के भौगोलिक स्थिति की बात करें तो यह गांव बहुत ही दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्र में आता है, जहां पहले पहुंचना लोगों के लिए काफी मुश्किल होता था. जब से यह पुल बनकर तैयार हुआ है, लोग आसानी से अन्य जगहों पर आवागमन कर सकते हैं. लोगों का आवागमन तो आसान हुआ ही है, इसके साथ ही पर्यटकों के आने-जाने से यहां की आर्थिक गतिविधियों में भी सुधार देखने को मिला है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


