Last Updated:
Mumbai Indians captain Hardik Pandya statement: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 44वें मैच में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 8 विकेट से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. इस हार के साथ ही मुंबई के लिए अब प्लेऑफ सफर मुश्किल हो गया. मुंबई को इस सीजन 9 मैचों में 7वीं हार मिली है. सीएसके के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या काफी हताश नजर आए.
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या
नई दिल्ली: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 बहुत ही खराब गुजर रहा है. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई अपने 9 मैचों में से 7वीं बार हारी है. पॉइंट्स टेबल में मुंबई के सिर्फ 4 अंक हैं और वह 9वें स्थान पर है. मुंबई को 7वीं हार चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली. चेपॉक में खेले गए इस मैच में हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या काफी निराश नजर आए और बताया कि उनकी टीम सीएसके से कहां पीछे रही. मैच के बाद हार्दिक ने कहा, “मुझे लगता है कि दिन को छोड़िए यह पूरा सीजन ही हमारा नहीं है. सीएसके हमसे हर विभाग में बेहतर रही. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग सीएसके सब में हमसे बेहतर थी.”
सीएसके के खिलाफ मुंबई के कप्तान हार्दिक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन ही बना पाई. टीम की बल्लेबाजी को लेकर हार्दिक ने कहा, “हम 180-190 रन बनाने की तरफ देख रहे थे. हालांकि 10 ओवर के बाद उस मोमेंटम को बरकरार नहीं रख सके. इसके अलावा पारी को अच्छी तरह से फिनिश भी नहीं कर पाए. पारी की शुरूआत में शॉट्स खेलना आसान नहीं था.”
सीएसके ने खेला स्मार्ट क्रिकेट-हार्दिक पांड्या
सीएसके की बल्लेबाजी को लेकर हार्दिक ने कहा, “इस पिच पर कैलकूलेटेड पारी खेलने की जरूरत थी और सीएसके ने वैसा ही किया. ओवरऑल एक गेंदबाजी यूनिट के तौर पर वो हमसे बेहतर थे और बैटिंग यूनिट के तौर पर हम उतने बेहतर नहीं थे. हमारे पास गेंदबाजी के जो ऑप्शन थे हम उसके साथ गए, लेकिन सीएसके ने हमसे अच्छा और स्मार्ट क्रिकेट खेला.”
11 गेंद पहले सीएसके ने दर्ज की जीत
मुंबई के खिलाफ मुकाबले में सीएसके ने 11 गेंद रहते ही जीत हासिल कर ली. टीम के लिए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और इंपैक्ट सब कार्तिक शर्मा ने दमदार बल्लेबाजी. गायकवाड़ और कार्तिक ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. गायकवाड़ ने 48 गेंद में 67 रन बनाए. वहीं कार्तिक की बात करें तो उन्होंने विनिंग शॉट लगाने के साथ 40 गेंद में 54 रनों की पारी खेली. इस जीत के साथ ही सीएसके की टीम 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


