Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 45वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को केकेआर के खिलाफ 7 विकेट से करारी हार मिली. मुकाबले में सनराइजर्स की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही है. टॉप ऑर्डर में ट्रेविस हेड ने जरूर अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर समय नहीं बिता पाए, जिससे टीम 159 रन ही बना पाई.
डेनियल विटोरी, SRH के कोच
नई दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद के कोच डेनियल विटोरी कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मिली हार से काफी निराश हैं. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में विटोरी ने कहा कि अहम मौकों पर विकेट गंवाने से केकेआर के खिलाफ उनकी रणनीति फेल हो गई. केकेआर ने 165 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर आसानी से जीत हासिल कर ली.
विटोरी ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमारी शुरुआत बहुत अच्छी रही, लेकिन हम उसका फायदा नहीं उठा पाए और अहम मौकों पर कुछ विकेट गंवा दिए. 160 रन का बचाव करना बहुत मुश्किल होता है, भले ही विकेट थोड़ा धीमा हो. लेकिन पावरप्ले के बाद हमने इतनी अच्छी टक्कर दी कि जीत की थोड़ी उम्मीद बंधी. लेकिन उन्होंने बहुत अच्छी तरह से लक्ष्य का पीछा किया. ’’
टीम की बल्लेबाजी से निराश हैं डेनियल विटोरी
विटोरी ने कहा कि लगातार विकेट गिरने से उनकी टीम के लिए लय हासिल करना मुश्किल हो गया. उन्होंने कहा, ‘‘हमने बस अहम मौकों पर विकेट गंवाए और टी20 मैचों में भले ही आपके पास लय हो, अगर विरोधी टीम आक्रामक हो जाए तो लय दोबारा हासिल करना बहुत मुश्किल होता है.’’ केकेआर के लिए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (36 रन देकर तीन विकेट) और सुनील नारायण (31 रन देकर दो विकेट) ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया.
विटोरी ने कहा, ‘‘ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिच क्लासेन के विकेट गिर गए लेकिन अगर इनमें से कोई भी क्रीज पर टिका रहता तो नतीजा कुछ और होता. लेकिन केकेआर ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. खासकर स्पिनरों ने अपनी लेंथ बहुत अच्छी रखी. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘भले ही हमने शुरूआत में चक्रवर्ती पर दबाव बनाया लेकिन वह विकेट लेने में कामयाब रहे. ’’ वहीं इस जीत के बाद केकेआर ने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है, जबकि सनराइजर्स लगातार पांच मैच में जीत के बाद अपने ट्रैक पर उतर गई है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


