Last Updated:
IPL 2026 Sunil Gavaskar on Rohit Sharma: दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए चोट के बाद दमदार वापसी. लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मुकाबले में रोहित शर्मा ने दमदार अर्धशतकीय पारी खेली. रोहित के इस फॉर्म पर पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने कहा कि वह मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचा सकते हैं.
रोहित शर्मा और सुनील गावस्कर
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लगातार हार के बाद रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए एक नई उम्मीद जगाई है. लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ हुए मैच में रोहित ने 44 गेंद में 84 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में रोहित ने 7 छक्के और 6 चौके भी लगाए. चोट से वापसी करने वाले रोहित ने अपनी इस पारी में हर वह शॉट लगाया जिसके लिए वह जाने जाते हैं. यही कारण है कि मुंबई इंडियंस की टीम ने 229 रनों के लक्ष्य को 8 गेंद रहते ही हासिल कर लिया.
रोहित शर्मा की इस दमदार वापसी पर टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने भी उन्हें सराहा है. इसके साथ ही उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए एक बड़ी भविष्यवाणी भी कर दी है. जियो स्टार पर बात करते हुए गावस्कर ने रोहित शर्मा को लेकर कहा, “हमने मैच में हर उस शॉट को देखा जिसके लिए रोहित शर्मा विख्यात हैं. पुल, ड्राइव या फिर लॉन्ग ऑन पर उनका लॉफ्टेड शॉट, सभी कमाल के थे. रोहित शर्मा अगर यहां से अपने इसी फॉर्म को जारी रखते हैं तो मुंबई इंडियंस अपने बचे हुए मैचों में प्लेऑफ के लिए कईं टीमों का खेल बिगाड़ सकती है.
मुंबई को सीजन में मिली तीसरी जीत
हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 बहुत ही खराब गुजर रहा है. टीम इस सीजन अब तक कुल 10 मैचों में मैदान पर उतरी है, जिसमें उसे सिर्फ 3 में जीत मिली है. यही कारण है कि पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर हैं. मुंबई के पास अब लीग चरण में चार मैच और बचे हैं.
बता दें कि मुंबई इंडियंस को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे अपने बचे हुए सभी चार मैचों में जीत हासिल करना होगा. मुंबई के पास अभी 6 अंक हैं. अगर टीम अपने अगले चार मैच जीतती है तो उसके 14 अंक हो जाएंगे. हालांकि, 14 अंक के साथ प्लेऑफ में पहुंचना काफी मुश्किल होगा, लेकिन मुंबई कई टीमों का काम जरूर खराब कर सकती है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


