शिमला. हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को तेज करते हुए अब पूरी ताकत झोंक दी है. पार्टी ने जहां पहले मंत्रियों को नगर निगमों का प्रभारी बनाया था, वहीं अब विधायकों को वार्ड स्तर पर जिम्मेदारी सौंपकर चुनावी प्रबंधन को और मजबूत किया गया है.
पालमपुर नगर निगम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि विधायक आशीष बुटेल को इंचार्ज बनाया गया है. वार्ड स्तर पर भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं. इनमें वार्ड 1 से 5 में विधायक संजय रत्न, वार्ड 6 से 10 तक विधायक भवानी सिंह पठानिया और वार्ड 11 से 15 तक विधायक नीरज नैय्यर को जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए अधिवक्ता अमित सूद और मृदुल नाग को कानूनी सलाहकार और दिनेश शर्मा को इंटरनेट मीडिया इंचार्ज बनाया गया है.
धर्मशाला में चंद्र कुमार वरिष्ठ पर्यवेक्षक
धर्मशाला नगर निगम के लिए कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. विधायक रघुबीर सिंह बाली को इंचार्ज बनाया गया है, जबकि राज्य सभा सांसद अनुराग शर्मा और पूर्व महापौर देवेन्द्र जग्गी सह इंचार्ज की भूमिका निभाएंगे.
वार्ड इंचार्ज भी घोषित कर दिए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से विधायक केवल सिंह पठानिया को वार्ड नंबर 1, 6 और 14. विधायक मलेन्द्र राजन को वार्ड 2, 3 और 5. अजय महाजन और दिग्विजय मल्होत्रा और वार्ड 4 और 7. नरेंद्र मुंगरा को वार्ड नंबर 9, विधायक किशोरी लाल को वार्ड 10 और 11, कुलदीप पठानिया को वार्ड नंबर 12 और अजय वर्मा को वार्ड 13 और 15, मनोज कुमार को वार्ड नंबर 16 और डॉ. राजेश शर्मा को वार्ड नंबर 17 का इंचार्ज बनाया गया है.
इसके अलावा अन्य वार्डों के लिए भी अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. यहां अधिवक्ता विक्रम शर्मा और विकेश ठाकुर को विधि सलाहकार, पुनीत मलही को मीडिया इंचार्ज और दिनेश शर्मा को इंटरनेट मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है.
मंडी में डिप्टी सीएम की निगरानी
नगर निगम मंडी में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया गया है. लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को इंचार्ज नियुक्त किया गया है. रोहित ठाकुर को पहले सोलन की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन व्यस्तता के चलते बदलाव कर उन्हें मंडी का जिम्मा सौंपा गया है.
वार्ड स्तर पर भी जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं उनमें वार्ड नंबर 1 में बुद्धि सिंह ठाकुर, वार्ड नंबर 2 में विधायक चंद्रशेखर, वार्ड नंबर 3 में विधायक अनुराधा राणा, वार्ड नंबर 4 में शशि शर्मा, वार्ड नंबर 5 में विधायक राकेश कालिया, वार्ड नंबर 6 में विधायक सुरेश कुमार, वार्ड नंबर 7 में विधायक कैप्टन रणजीत राणा, वार्ड नबंर 8 में विधायक भुवनेश्वर गौड़, वार्ड नंबर 9 में संजीव गुलेरिया, वार्ड नंबर 10 में विधायक सुदर्शन बबलू, वार्ड नंबर 11 में विधायक विवेक शर्मा, वार्ड नंबर 12 में विक्रम शर्मा, वार्ड नंबर 13 में यशवंत छाजटा, वार्ड नंबर 14 में महेश्वर चौहान और वार्ड नंबर 15 में लाल सिंह कौशल को इंचार्ज बनाया गया है.
इसके अलावा अन्य वार्डों में भी अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है. अधिवक्ता जगदीश ठाकुर और भीम ठाकुर को कानूनी सलाहकार, जबकि दिनेश पटियाल और हितेश ठाकुर को इंटरनेट मीडिया इंचार्ज बनाया गया है.
चुनावी मुकाबले के लिए पूरी तैयारी
कांग्रेस पार्टी ने वार्ड स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर यह संकेत दे दिया है कि नगर निगम चुनाव को वह पूरी गंभीरता से लड़ने जा रही है। संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर पकड़ बनाने के लिए यह रणनीति अहम मानी जा रही है. अब देखना होगा कि इस मजबूत चुनावी मैनेजमेंट का फायदा कांग्रेस को कितना मिलता है और चुनावी नतीजों में इसका कितना असर दिखाई देता है.


