Last Updated:
IPL 2026 MI vs RCB Hardik Pandya Suryakumar Yadav: 10 में से तीन जीत के साथ नौवें स्थान पर मौजूद मुंबई इंडियंस की अगली टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 10 मई को है. यह मुकाबला रायपुर में खेला जाएगा. मुंबई इंडियंस टीम इस मैच के लिए रायपुर पहुंच चुकी है, लेकिन कप्तान हार्दिक पंड्या टीम के साथ नजर नहीं आए. वहीं, सूर्यकुमार यादव के आरसीबी के खिलाफ खेलने पर भी सस्पेंस है. ऐसे में बड़ा सवाल है कि आरसीबी के खिलाफ टीम की कप्तानी कौन संभालेगा?
रोहित शर्मा संभालेंगे मुंबई इंडियंस की कमान?
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन और टीम की गतिविधियों को देखकर ऐसा माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस में सब कुछ ठीक नहीं है. हार्दिक पंड्या का अचानक न खेलना और फिर अब उनका टीम के साथ ट्रेवल न करना सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे चुका है. मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलना है. 10 मई को होने वाले इस मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रायपुर पहुंच चुके हैं, लेकिन हार्दिक टीम के साथ नजर नहीं आए. रिपोर्ट्स की मानें तो वह लखनऊ सुपर जायंट्स के बाद इस मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं. हालांकि, अब सूर्यकुमार यादव के भी आरसीबी के खिलाफ न खेलने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में सवाल यह है कि अगर ये दोनों स्टार बाहर रहे तो कौन मुंबई की कमान संभालेगा? क्या रोहित शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी?
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मुंबई इंडियंस की टीम के साथ रायपुर नहीं जा रहे हैं, जहां 10 मई को उनका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होना है. वह टीम के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद नहीं थे.’ रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि अभी ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि पंड्या मैच से कुछ समय पहले टीम से जुड़ेंगे. बता दें कि हार्दिक ने टीम का लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछला मुकाबला नहीं खेला था. उनके न खेलने की वजह पीठ में ऐंठन बताई गई. हार्दिक की जगह सूर्यकुमार यादव ने कमान संभाली थी, जिसमें टीम को जीत मिली.
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या के बाद अब सूर्यकुमार यादव भी 10 मई को रायपुर में आरसीबी के खिलाफ होने वाले मैच से बाहर रह सकते हैं. सोशल मीडिया पर चर्चा है कि सूर्या जल्द ही पिता बनने वाले हैं, जिसके चलते वह इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे. मुंबई इंडियंस फिलहाल अंक तालिका में 9वें नंबर पर है (10 में से सिर्फ 3 जीत) और इन दो बड़े खिलाड़ियों की कमी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है. ऐसे में सवाल यह है कि कप्तानी कौन करेगा? टीम 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा पर भरोसा जताती है या अन्य किसी को जिम्मेदारी सौंप सकती है. आइए विकल्प जानते हैं.
रोहित शर्मा
रोहित ने 2023 तक मुंबई की कप्तानी की थी. उनके नाम 5 आईपीएल ट्रॉफियां हैं और उनका जीत का रिकॉर्ड (55.82%) शानदार रहा है. अनुभव के मामले में उनसे बेहतर टीम में कोई नहीं है. रोहित खुद इस सीजन चोट की वजह से 5 मैच मिस कर चुके हैं. वह इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और 5 मैच में 221 रन बना चुके हैं. ऐसे में देखना होगा कि क्या मैनेजमेंट उन्हें अतिरिक्त दबाव देने के बारे में सोचेगा?
जसप्रीत बुमराह
बुमराह लंबे समय से मुंबई के लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा रहे हैं. उनके पास इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी का थोड़ा अनुभव भी है. वह टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं और कप्तानी के सबसे बड़े दावेदार हैं. हालांकि, इस सीजन बुमराह की अपनी फॉर्म कुछ खास नहीं रही है. वह 10 मैचों में सिर्फ 3 विकेट ही चटका सके हैं. ऐसे में क्या वह इस मुश्किल समय में कप्तानी की जिम्मेदारी लेना चाहेंगे, यह बड़ा सवाल है.
तिलक वर्मा
अगर मुंबई मैनेजमेंट किसी युवा खिलाड़ी को तैयार करना चाहता है, तो तिलक वर्मा सबसे अच्छा विकल्प हैं. तिलक टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं और लंबे समय से फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हैं. उन्होंने अब तक 64 मैचों में 1703 रन बनाए हैं. इस सीजन एक शतक को छोड़ दिया जाए, तो उनका प्रदर्शन भी औसत रहा है. लेकिन अगर रोहित या बुमराह जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो तिलक को यह मौका मिल सकता है.
मुंबई के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 अब एक ऐसे मोड़ पर है जहां हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा है. ऐसे समय में हार्दिक पांड्या का चोटिल होना टीम के लिए बहुत बड़ी मुसीबत बन सकता है. मुंबई अभी प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है, लेकिन उनकी राह बेहद कठिन है. लखनऊ के खिलाफ मिली जीत ने मुंबई की उम्मीदों को जिंदा रखा है, लेकिन अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं है. अगर मुंबई अपने बाकी बचे सभी मैच जीत लेती है, तो वह अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच सकती है. हालांकि, सिर्फ 14 अंक हासिल करना काफी नहीं होगा. मुंबई को यह भी दुआ करनी होगी कि दूसरी टीमों के नतीजे उनके पक्ष में रहें. चूंकि कई टीमें प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं, इसलिए सिर्फ जीतना ही काफी नहीं है. मुंबई को अपने मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि उनका नेट रन रेट भी बेहतर हो सके.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


