Last Updated:
unusual dismissals in cricket: माल्टा के बल्लेबाज फनयान मुगल को ‘hit the ball twice’ नियम के तहत आउट दिए जाने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट में पहले और इकलौते बल्लेबाज हैं. रोमानिया के खिलाफ 2023 में हुए टी20 इंटरनेशनल मैच में ऐसा हुआ. क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में उनके अलावा कोई इस तरह से आउट नहीं हुआ है.
माल्टा के फनयान मुगल ‘hit the ball twice’ आउट होने वाले पहले क्रिकेटर.
नई दिल्ली. क्रिकेट के खेल में बल्लेबाजों को आउट करने के कई तरीके होते हैं, जिनमें बोल्ड, कैच, एलबीडब्ल्यू या रन आउट आम हैं. हालांकि, क्रिकेट की रूलबुक में कुछ ऐसे नियम भी हैं, जिनका इस्तेमाल बहुत कम होता है. ऐसा ही एक दुर्लभ और अनोखा नियम है ‘hit the ball twice’ यानी गेंद को दो बार मारना. इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अब तक सिर्फ एक ही बार इस तरह से कोई बल्लेबाज आउट हुआ है. यह नाम है- फनयान मुगल. माल्टा का यह बल्लेबाज इस नियम के तहत आउट होने वाला दुनिया का पहला और इकलौता क्रिकेटर है. आइए, 2023 के हुए उस मुकाबले और क्रिकेट के इस पेचीदा नियम के बारे में विस्तार से समझते हैं.
कैसे आउट हुए फनयान मुगल?
दरअसल, यह वाकया जुलाई 2023 में ‘कॉन्टिनेंटल कप’ के दौरान हुए माल्टा और रोमानिया के टी20 मैच के दौरान हुआ. माल्टा की टीम बल्लेबाजी कर रही थी और फनयान मुगल क्रीज पर मौजूद थे. रोमानिया के एक गेंदबाज ने लेंथ डिलीवरी फेंकी, जिस पर फनयान मुगल ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर उनके पैरों के पास ही गिर गई. जब तक कोई फील्डर गेंद के पास आकर उसे उठाता फनयान ने उसे अपने बल्ले से उसे दोबारा मार दिया. यही वह पल था जब उन्होंने क्रिकेट के नियमों का उल्लंघन कर दिया. रोमानियाई खिलाड़ियों ने तुरंत अपील की और अंपायर ने नियमों के मुताबिक फनयान मुगल को आउट करार दिया. स्कोरबोर्ड पर उनके नाम के आगे लिखा गया- ‘Out: Hit the Ball Twice.’ फनयान 8 रन बनाकर आउट हो गए थे.
‘हिट द बॉल ट्वाइस’ का नियम क्या कहता है?
क्रिकेट के कानून बनाने वाली संस्था MCC (Marylebone Cricket Club) के नियम 34 के तहत ‘हिट द बॉल ट्वाइस’ को परिभाषित किया गया है. यदि कोई बल्लेबाज जानबूझकर गेंद को दूसरी बार अपने बल्ले या शरीर से मारता है (पहली बार खेलने के बाद), तो उसे आउट दिया जा सकता है. हालांकि, इसमें एक अपवाद भी है. बल्लेबाज केवल एक ही स्थिति में गेंद को दूसरी बार मार सकता है- अपने स्टंप्स को बचाने के लिए. यानी अगर गेंद स्टंप्स पर लगने जा रही है तो बैटर उसे दूर करने के लिए बल्ले का इस्तेमाल कर सकता है.
क्रिकेट जगत में छिड़ी थी बहस
फनयान मुगल माल्टा की टीम के एक अनुभवी खिलाड़ी रहे हैं. उन्होंने कई मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन विडंबना यह है कि आज दुनिया उन्हें उनके शानदार छक्कों या विकेटों के लिए नहीं, बल्कि इस अनोखे तरीके से आउट होने के लिए जानती है. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसने प्रशंसकों को क्रिकेट के नियमों के बारे में फिर से किताब पलटने पर मजबूर कर दिया. इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में बहस भी छिड़ी. कुछ लोगों का मानना था कि रोमानिया को ‘खेल भावना’ दिखाते हुए अपील वापस ले लेनी चाहिए थी, क्योंकि फनयान सिर्फ अपने स्टंप्स बचा रहे थे. वहीं, जानकारों का कहना था कि नियम सबके लिए बराबर हैं. चूंकि फनयान ने गेंद को सिर्फ रोका नहीं बल्कि उसे ‘हिट’ किया था, इसलिए अंपायर का फैसला तकनीकी रूप से बिल्कुल सही था.
2023 में रोमानिया के खिलाफ हुआ वह मुकाबला आज भी प्रशंसकों के जेहन में ताजा है. फनयान मुगल भले ही एक छोटे देश के लिए खेलते हों, लेकिन उनके इस ‘अनोखे आउट’ ने उन्हें पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना दिया. उन्हें हमेशा ‘Hitting the ball twice’ नियम के जरिए आउट होने वाले पहले बल्लेबाज के रूप में याद किया जाएगा.
रोमानिया ने जीता था मुकाबला
रोमानिया ने यह मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया था. माल्टा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गोपाल ठाकुर की 62 रन की पारी से 7 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए थे. 157 रन के लक्ष्य का पीछा रोमानिया ने रमेश सतीसन की 99 रन की नाबाद पारी के चलते 9 गेंद रहते कर लिया था. रोमानिया ने 18.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 159 रन बनाए और जीत दर्ज कर ली.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


