Last Updated:
India New T20I Captain: भारत को टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को टी-20 टीम से हटाने की तैयारी हो रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई चयन समिति सूर्यकुमार के खराब प्रदर्शन से तंग आ चुकी है. ऐसे में खबर है कि बीसीसीआई श्रेयस अय्यर को टी-20 टीम में वापसी करवाकर कप्तान बना सकती है.
श्रेयस अय्यर भारतीय क्रिकेट टीम के नए कप्तान बनाए जा सकते हैं
नई दिल्ली: भारतीय टी-20 टीम से सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने वाली है. आईपीएल 2026 के बाद उन पर गाज गिरनी तय है. माना जा रहा है कि जून में सीनियर टीम के सिलेक्टर्स की मीटिंग होनी है. अगर सबकुछ ठीक रहा तो श्रेयस अय्यर की न सिर्फ भारतीय टी-20 टीम में वापसी होगी बल्कि उन्हें कप्तान भी बनाया जा सकता है.
अगले वर्ल्ड कप में भी कप्तानी करना चाहते हैं सूर्या
फिलहाल, कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव का कार्यकाल खत्म होते नजर आ रहा है. यह देखना बाकी है कि क्या वह एकमात्र फॉर्मेट में बतौर बैटर खेलते रहेंगे या उनकी टीम से भी छुट्टी हो जाएगी. हालांकि 35 वर्षीय सूर्या ने अगले दो साल तक कप्तान बने रहने की इच्छा बार-बार व्यक्त की है, वह अगले वर्ल्ड कप और ओलंपिक में भी कैप्टेंसी संभालना चाहते हैं.
कप्तानी मिलते ही रन बनाना भूले सूर्या
अपने पिछले कार्यकाल में सूर्या ने भारत को 2026 टी-20 विश्व कप का खिताब दिलाया था, जिसमें उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए थे, इनमें से 84 रन उन्होंने टीम के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ बनाए थे. उस मैच को छोड़कर दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहना पड़ा. जुलाई 2024 में सबसे छोटे प्रारूप में कप्तानी संभालने के बाद से सूर्या का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. कप्तानी मिलने के बाद से सूर्या ने 45 मैचों में केवल 932 रन बनाए हैं और उनका प्रदर्शन लगातार खराब रहा है.
इंजरी से भी जूझ रहे सूर्यकुमार?
बीसीसीआई और टीम इंडिया के विश्वसनीय सूत्रों ने खुलासा किया है कि दाएं हाथ का यह बल्लेबाज कलाई की समस्या से जूझ रहा है और दर्द-तकलीफ के बावजूद खेल रहा है. पिछले सीजन से मुंबई इंडियंस के साथ खेलते हुए वह अपनी दाहिनी कलाई पर भारी टेप लगाकर बल्लेबाजी और फील्डिंग करते थे और सीधे दबाव डालने वाले एक्सरसाइज से बचते थे. बल्लेबाजी सत्र से ठीक पहले वह टीम के डॉक्टर डॉ. रिजवान खान को बुलाते थे, जो तुरंत ड्रेसिंग रूम में जाकर रुई के पैड और भूरे रंग की टेप लाकर उनकी कलाई को सुरक्षित करते थे.
मगर सूर्या की कप्तानी में जीतता है भारत
कप्तान के तौर पर सूर्या का जीत प्रतिशत काफी अच्छा है (76.92 प्रतिशत) और उन्होंने कई खिताब जीते हैं (2025 एशिया कप और 2026 टी-20 विश्व कप) लेकिन बल्ले से उनका निराशाजनक प्रदर्शन, कलाई की चोट और बढ़ती उम्र के कारण मैनेजमेंट को दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं. संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे कप्तान भी मौजूद थे, लेकिन तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ आईपीएल के तीन सीजन में मिली सफलता के कारण अय्यर सबसे आगे नजर आ रहे हैं.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें


