Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ की रेस अब और भी ज्यादा रोचक हो गई है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हाराकर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की. अब उसके पास 9 अंक हैं और वो 17 अंकों तक पहुंच सकती है. ऐसे में टॉप चार टीमों पर कौन सी टीम होगी ये सभी जानना चाहते हैं.
कोलकाता ने लगातार चार जीत से बदला प्लेऑफ का समीकरण
नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अपनी शानदार वापसी जारी रखी है. अपने अभियान की शुरुआत लगातार छह मैच हारकर करने के बाद ऐसा लग रहा था कि टीम जल्दी ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम ने अब लगातार चार जीत दर्ज की हैं और अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. यहां से उसके पास 17 अंकों तक पहुंचने का मौका है. केकेआर की जीत ने चार टीमों की मुश्किलें बढ़ा दी है.
शुक्रवार को नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को अरुण जेटली स्टेडियम में आठ विकेट से हराया. 143 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन बार की चैंपियन टीम ने सिर्फ 14.2 ओवर में ही जीत हासिल कर ली. वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और अनुकूल रॉय की स्पिन तिकड़ी ने दिल्ली की बल्लेबाजी को बांधकर रखा. इसके बाद फिन एलेन की 47 गेंद में शानदार शतकीय पारी ने केकेआर को जोरदार जीत दिलाई.
कोलकाता नाइट राइडर्स की लगातार चौथी जीत ने बदला प्लेऑफ का समीकरण
केकेआर अब भी आसानी से प्लेऑफ में पहुंच सकती है
2026 का सीजन आईपीएल का छठा संस्करण है जिसमें 10 टीमें खेल रही हैं. इससे पहले हर बार, जिन टीमों के पास 16 या उससे ज्यादा अंक रहे हैं वे सीधे प्लेऑफ में पहुंची हैं. अगर केकेआर अपने बाकी बचे चारों मैच जीत लेती है, तो उसे आठ और अंक मिलेंगे और कुल 17 अंकों के साथ टीम सीधे प्लेऑफ में जगह बना सकती है. ऐसे में उसे किसी जटिल गणना या समीकरण पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. अगर टीम एक और मैच हारती है, तो नेट रन रेट की भूमिका अहम हो सकती है.
चार टीमों की मुश्किलें बढ़ी
नाइट राइडर्स की लगातार जीत ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खतरे की घंटी बजा दी है. इसमें आरसीबी, आर आर और जीटी ने 10-10 मैच खेलकर 6 जीत से 12 अंक हासिल किए हैं. चेन्नई की टीम के 5 जीत से 10 अंक ही हैं. ऐसे में इन सभी टीमों को अपने आगे के मुकाबले करो या मरो जैसे लेने होंगे. इसमें भी गुजरात और राजस्थान को अगला मैच आपस में खेलना है. वहीं आरसीबी भी केकेआर से भिड़ने से पहले मुंबई के साथ खेलेगी. चेन्नई की टीम का मुकाबला लखनऊ से होना है. इसका मतसब साफ है कि कोलकाता के पास आराम और तैयारी का मौका होगा वहीं बाकी टीमें कम दिन के अंतर में खेलने उतरेगी.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


