Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क, रेलवे, टेक्सटाइल, स्वास्थ्य और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
पीएम नरेंद्र मोदी 15 हजार करोड़ रुपए की सौगात देने वाले हैं.
PM Narendra Modi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 48 घंटों में तीन राज्यों के बड़े दौरे पर रहने वाले हैं. 10 और 11 मई को होने वाले इस दौरे में वह कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात में कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इन परियोजनाओं की कुल कीमत करीब 15 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है. सड़क, रेलवे, टेक्सटाइल, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े इन प्रोजेक्ट्स को सरकार देश के विकास के बड़े मास्टरप्लान के तौर पर देख रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे की शुरुआत कर्नाटक से करेंगे. वह बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वह आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव समारोह में भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री यहां नए ‘ध्यान मंदिर’ का उद्घाटन करेंगे. यह केंद्र मानसिक शांति और मेडिटेशन को बढ़ावा देने में मदद करेगा.
इसके बाद प्रधानमंत्री तेलंगाना पहुंचेंगे, जहां सबसे ज्यादा विकास परियोजनाओं का ऐलान किया जाएगा. यहां करीब 9,400 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होना है. इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-167 का चार लेन विस्तार सबसे अहम माना जा रहा है. यह सड़क परियोजना गुड्डेबेल्लूर से महबूबनगर तक बनाई जाएगी. इसके बनने से तेलंगाना और कर्नाटक के बीच सफर आसान होगा और यात्रा का समय कम हो जाएगा.
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में प्रधानमंत्री जहीराबाद इंडस्ट्रियल एरिया की आधारशिला भी रखेंगे. करीब 2,350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप ऑटोमोबाइल, मशीनरी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के लिए बड़ा हब बनेगी. वारंगल में प्रधानमंत्री देश के पहले पूर्ण रूप से संचालित पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन करेंगे. करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत वाला यह मेगा टेक्सटाइल पार्क कपड़ा उद्योग को नई रफ्तार देने के लिए तैयार किया गया है. यहां आधुनिक फैक्ट्री, स्टोरेज और लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे भारत के टेक्सटाइल कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री रेल और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं की भी सौगात देंगे. काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी ट्रैकिंग प्रोजेक्ट और काज़ीपेट रेल बाईपास जैसी रेल परियोजनाओं से ट्रेनों की आवाजाही तेज होगी. वहीं, हैदराबाद में आधुनिक सिंधु अस्पताल का उद्घाटन भी किया जाएगा. 11 मई को प्रधानमंत्री गुजरात पहुंचेंगे. यहां वह सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लेंगे. मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री यहां स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे.
इसके अलावा वडोदरा में बनने वाले सरदारधाम हॉस्टल का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे. इस हॉस्टल में छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. माना जा रहा है कि पीएम मोदी का यह दौरा विकास, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सरकार के बड़े विजन को दिखाने वाला है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें


