Last Updated:
Vaibhav sooryavanshi 100 t20 sixes: भव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है. गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के खिलाफ छक्का जड़कर वह 20 साल की उम्र से पहले 100 टी20 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने. यहीं नहीं वैभव ने कीरोन पोलार्ड का भी विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया. आईपीएल 2026 के पावरप्ले में रिकॉर्ड 30 छक्के जड़कर उन्होंने खुद को टी20 क्रिकेट का नया ‘सिक्सर किंग’ साबित किया है
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने महज 15 साल की उम्र में वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके बारे में बड़े-बड़े खिलाड़ी सपने में भी नहीं सोच सकते. शनिवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 100 छक्के पूरे किए. इसके साथ ही वह 20 साल की उम्र से पहले यह जादुई आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं.

यह ऐतिहासिक पल तब आया जब वैभव का सामना गुजरात टाइटंस के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज से हुआ. जयपुर के खचाखच भरे स्टेडियम में वैभव ने सिराज की गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़कर अपना 100वां सिक्स पूरा किया. स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट जगत के विशेषज्ञ भी इस किशोर की निडर बल्लेबाजी देख दंग रह गए.

वैभव ने केवल छक्के नहीं लगाए, बल्कि उन्हें लगाने की रफ्तार से सबको चौंका दिया. उन्होंने अपने 100 छक्के पूरे करने के लिए सिर्फ 514 गेंदों का सहारा लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड के नाम था, जिन्होंने 843 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी. वैभव ने पोलार्ड जैसे ‘पावर हिटर’ के रिकॉर्ड को बहुत बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर 20 साल से कम उम्र में सबसे ज्यादा छक्कों की लिस्ट देखें, तो वैभव अब सबसे ऊपर हैं. उन्होंने केवल 29 पारियों में 100 छक्के जड़े हैं. उनके बाद अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज का नाम आता है जिन्होंने 52 पारियों में 90 छक्के लगाए थे. दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस (73 छक्के) और नेपाल के गुलशन झा (53 छक्के) जैसे युवा सितारे भी वैभव की इस रफ्तार के सामने बौने नजर आ रहे हैं.

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के सीजन में शुरुआती 6 ओवरों (पावरप्ले) में बल्लेबाजी की परिभाषा बदल दी है. इस सीजन के पावरप्ले में उन्होंने अब तक 30 छक्के जड़ दिए हैं. उन्होंने साल 2024 में अभिषेक शर्मा द्वारा बनाए गए 29 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. सनत जयसूर्या (22 छक्के) और ट्रेविस हेड (22 छक्के) जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के रिकॉर्ड अब इस 15 साल के लड़के के सामने छोटे पड़ गए हैं.

एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में भी वैभव तेजी से ऊपर चढ़ रहे हैं. फिलहाल उनके नाम इस सीजन में 40 छक्के दर्ज हो चुके हैं और वे अभिषेक शर्मा के 42 छक्कों (2024 सीजन) के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं, उन्होंने श्रेयस अय्यर (39 छक्के) और विराट कोहली (38 छक्के) जैसे दिग्गजों को इसी सीजन में पीछे छोड़ दिया है.

आमतौर पर युवा खिलाड़ी आक्रामक होने के चक्कर में अपना विकेट जल्दी गंवा देते हैं, लेकिन वैभव की खास बात उनकी निरंतरता है. उन्होंने अपनी 29 पारियों में लगभग हर मैच में औसतन 3 से ज्यादा छक्के लगाए हैं. यह आंकड़ा बताता है कि उनके पास न केवल ताकत है, बल्कि गेंद को पढ़ने की अद्भुत क्षमता भी है.

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए जयपुर के घरेलू मैदान पर यह उपलब्धि हासिल करना वैभव के लिए बेहद भावुक क्षण था. राजस्थान रॉयल्स ने इस खिलाड़ी को बहुत कम उम्र में पहचाना और तराशा, जिसका फल आज पूरी दुनिया के सामने है. पिंक सिटी के दर्शकों ने खड़े होकर अपने इस नए सुपरहीरो का अभिवादन किया.

वैभव की इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है. पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के अगले बड़े सुपरस्टार हैं. जिस तरह से उन्होंने महज 514 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए, वह उनकी नेचुरल टाइमिंग और आत्मविश्वास को दर्शाता है.

अभी वैभव की उम्र केवल 15 साल है, जिसका मतलब है कि उनके पास अपने 20वें जन्मदिन तक अभी 5 साल और बाकी हैं. क्रिकेट विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर वैभव इसी लय में खेलते रहे, तो वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल के आने वाले समय में बल्लेबाजी के लगभग हर बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम कर लेंगे. फिलहाल, ‘सूर्यवंशी’ का उदय हो चुका है और इसकी चमक से पूरा क्रिकेट जगत चकाचौंध है.


