Last Updated:
Rashid Khan creates history in IPL: अफगानिस्तान के स्टार बॉलर राशिद खान आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा 3 विकेट हॉल नाम करने वाले विदेशी स्पिनर बन गए हैं. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 4 विकेट लेकर सुनील नरेन का रिकॉर्ड तोड़ा, जो लंबे समय से इस मामले में नंबर-1 थे.
राशिद खान ने आईपीएल में रचा इतिहास.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने 77 रन से बड़ी जीत दर्ज करके पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर छलांग लगा दी है. गुजरात की इस जीत में राशिद खान की बड़ी भूमिका रही, जिन्होंने चार विकेट लेकर लक्ष्य का पीछा कर रही राजस्थान रॉयल्स की पारी को तहस-नहस करके 152 रन पर ही ढेर कर दिया. राशिद खान ने चार ओवर की गेंदबाजी के दौरान 33 रन देकर 4 विकेट निकले. इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने सुनील नरेन का एक बड़ा महारिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया और आईपीएल इतिहास में स्पिन के नए विदेशी किंग बन गए.
दरअसल, राशिद आईपीएल इतिहास में विदेशी स्पिनर के तौर पर सबसे ज्यादा बार ‘तीन विकेट’ लेने के मामले में कोलकाता नाइट राइडर्स के दिग्गज सुनील नरेन को पीछे छोड़ दिया है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सवाई मानसिंह स्टेडियम में राशिद ने आईपीएल में 18वीं बार 3 या उससे ज्यादा विकेट लिए. अब वह नरेन, अमित मिश्रा और रवींद्र जडेजा जैसे स्पिनरों से आगे निकल गए हैं. सभी स्पिनरों में अब सिर्फ युजवेंद्र चहल (23 बार) ही उनसे आगे हैं. अगर हम तेज गेंदबाजों को भी मिला लें तो राशिद से आगे सिर्फ जसप्रीत बुमराह (25), भुवनेश्वर कुमार (21) और लसिथ मलिंगा (19) ही हैं.
राशिद खाने ने तोड़ा नरेन का बड़ा रिकॉर्ड.
अपनी गेंदबाजी पर क्या बोले राशिद?
मैच के बाद राशिद ने कहा, ‘जैसे ही मैंने पहली गेंद फेंकी, मुझे समझ आ गया था कि पिच से मुझे मदद मिल रही है. बस मुझे अपनी गेंदों की गति को लगातार बदलते रहना था. मैं सही जगह पर गेंद डालने और स्टंप्स को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था. मुझे लगा कि अगर मैं स्टंप्स से दूर गेंद डालूंगा, तो बल्लेबाज के लिए रन लेना या चौका मारना आसान हो जाएगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे लिए सबसे जरूरी यह था कि मैं सही लेंथ के साथ-साथ सही लाइन पर भी ध्यान दूं और गेंद तीनों स्टंप्स के बीच ही रखूं. फरेरा को आउट करने के बारे में मैंने पहले ही सोच लिया था, मेरे दिमाग में उसका पूरा नक्शा तैयार था. मुझे लगा कि अगर मैं सही जगह पर गेंद डालूंगा, तो विकेट मिल सकता है. जैसे ही गेंद मेरे हाथ से निकली, मुझे पता चल गया था कि अब विकेट मिलने वाला है.’
गुजरात की सबसे बड़ी जीत
गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के इतिहास में रनों के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है. गुजरात टाइटंस ने साल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालीफायर मैच में 62 रन से जीत दर्ज की थी. साल 2022 में जीटी ने इतने ही अंतर से लखनऊ सुपर जायंट्स को शिकस्त दी थी. साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 58 रन से जीत दर्ज करने से पहले यह टीम साल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स को 56 रन से शिकस्त दे चुकी थी.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


