लखनऊ: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी पर बेहद तल्ख हमला किया है. चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया है कि अगर जयंत चौधरी ने थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का सूपड़ा साफ हो जाता. नगीना सांसद ने ये बातें असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन की औपचारिक घोषणा से पहले बागपत के टीकरी में कही.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा- ‘अगर जयंत चौधरी ने थोड़ी समझदारी दिखाई (बीजेपी के विरोध में होते) होती तो प्रदेश में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाता.’ आरएलडी 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल के रूप में शामिल हुआ था. जबकि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आरएलडी, राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन का हिस्सा था.
चंद्रशेखर ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में कहा कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) मुस्लिम समुदाय के मुद्दों को लेकर भी चुनाव लड़ेगी और उनके सवालों को प्रमुखता से उठाएगी. उन्होंने इस दौरान गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने की मांग भी उठाई. चंद्रशेखर ने पंचायत चुनाव में देरी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं. सांसद ने कहा कि सरकार डंडे के दम पर शासन चला रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है.
ओवैसी ने चंद्रशेखर को सीएम उम्मीदवार घोषित किया
वहीं लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद के साथ ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक ऐलान करते हुए असदद्दीन ओवैसी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की घोषणा की. AIMIM प्रमुख और ASP(K) के चीफ चंद्रशेखर आजाद ने यहां संयुक्त बयान में कहा कि मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगा. इसका लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना और प्रदेश में राजनीतिक बदलाव लाना है.
‘अखिलेश यादव कभी भी सीएम नहीं बनेंगे’
ओवैसी ने कहा, ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि चंद्रशेखर आजाद इस मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे.’ उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव भविष्य में कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे. उन्होंने गठबंधन को बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत विकल्प बताते हुए कहा कि दोनों दल इसे सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे.
‘जो शीशे के घरों में रहते हैं, वे पत्थर ना फेंके’
ओवैसी ने कहा कि शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे मोर्चे की प्राथमिकताओं में शामिल होंगे. उन्होंने कहा, ‘अगर हमें लोगों के लिए अपनी जान भी देनी पड़े, तो हम इसे अपने लिए एक अच्छा सौदा मानेंगे.’ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए यदि सपा और कांग्रेस इस गठबंधन में शामिल होना चाहेंगी तो मोर्चा उनका साथ देने को तैयार है. उन्होंने आजाद समाज पार्टी को बीजेपी की ‘बी’ टीम बताने को लेकर सपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जो लोग शीशे के घरों में रहते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए.’
कांशीराम ने हमें खुद निर्णय लेना सिखाया
उन्होंने कहा कि 2014 और 2019 के लोकसभा तथा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव में लोगों से बार-बार बीजेपी को सत्ता से हटाने की बात कही गयी, लेकिन इसके उलट बीजेपी और मजबूत हुई. आजाद ने कहा, ‘हम अपमान सहते नहीं रह सकते. हम अपने वोट की ताकत से अपनी शक्ति बनाएंगे और शोषित, वंचित तथा पीड़ित वर्गों के कल्याण के लिए काम करेंगे.’
कांशीराम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वोटिंग की ताकत से वंचित समुदाय दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद निर्णय लेने की स्थिति में पहुंच सकते हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जिन समुदायों का अपना राजनीतिक दल नहीं होता, उनकी आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठ पाती.
आजाद ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर करीब साढ़े नौ साल के कार्यकाल में वंचित समाज को पर्याप्त सुरक्षा और न्याय नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दलित बस्तियों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है तथा पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जबकि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को मुकदमों और सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.
आजम खान के प्रति ओवैसी ने फिर से दिखाई सहानुभूति
ओवैसी ने सपा नेता शिवपाल सिंह यादव की जेल में मोहम्मद आजम खान से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि लोग राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं और दलों की मंशा का आकलन करेंगे. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने लगातार आजम खान के समर्थन में आवाज उठाई है और आगे भी उनके लिए संघर्ष करेगी. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जेल में बंद दलित और वंचित समुदायों के लोगों के लिए दूसरे नेता आवाज क्यों नहीं उठाते.
ओवैसी ने 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि हजारों लोग विस्थापित हुए और कई महिलाओं को यौन हिंसा का सामना करना पड़ा. उन्होंने सात महिलाओं की ओर से दर्ज कराए गए मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शिकायतें वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया गया. उन्होंने कहा कि एक महिला ने मुकदमा जारी रखा और दोषसिद्धि भी हुई, लेकिन उसे सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई.
