यदि आप चिकन राइस खाने के शौकीन हैं और घर पर ही फाइव स्टार रेस्टोरेंट जैसा स्वाद लेना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं चिकन राइस बनाने की आसान विधि. इस तरीके से आप घर पर स्वादिष्ट चिकन राइस तैयार कर सकते हैं.
सुबह से शाम तक बनी रहती है चिकन राइस की मांग
लोकल 18 से बातचीत करते हुए रिया फास्ट फूड सेंटर पर चिकन राइस बनाने वाले अर्जुन गोंड ने बताया कि उनके यहां स्पेशल चिकन राइस बनाया जाता है, जिसे लोग काफी पसंद करते हैं. उन्होंने बताया कि उनके चिकन राइस में सिर्फ चिकन ही नहीं बल्कि अंडा भी मिक्स किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है.
यही वजह है कि उनके फास्ट फूड सेंटर पर सुबह से शाम तक चिकन राइस की मांग बनी रहती है. यहां ताजा और गर्मागर्म चिकन राइस तैयार किया जाता है, जिससे इसका स्वाद लोगों को बेहद पसंद आता है.
चिकन राइस बनाने का आसान तरीका
अर्जुन बताते हैं कि अगर आप घर पर चिकन राइस बनाना चाहते हैं, तो यह बेहद आसान है. सबसे पहले चिकन को अच्छी तरह उबाल लें और उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद चावल को पानी में भिगो दें.
कुछ देर बाद चावल को गर्म पानी में उबालें और फिर छानकर अलग रख दें. इसके बाद कड़ाही को गैस पर गर्म करें और उसमें थोड़ा रिफाइंड या सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने के बाद उसमें लहसुन, मिर्च और जीरे का तड़का लगाएं.
तड़का लगाने के बाद उसमें चिकन डालकर अच्छी तरह पकाएं. जब चिकन पक जाए, तो उसमें नमक, चाट मसाला और अन्य हल्के मसाले डालें. इसके बाद उबले हुए चावल डालकर लगभग 4 से 5 मिनट तक अच्छी तरह फ्राई करें.
4 से 5 मिनट में तैयार हो जाएगा चिकन राइस
करीब 4 से 5 मिनट में आपका स्वादिष्ट चिकन राइस तैयार हो जाएगा. इसका स्वाद इतना शानदार होगा कि आपको फाइव स्टार रेस्टोरेंट का स्वाद भी फीका लगने लगेगा.
अर्जुन बताते हैं कि जितने अच्छे मसाले और सामग्री का इस्तेमाल करेंगे, स्वाद उतना ही बेहतर आएगा. तैयार होने के बाद चिकन राइस को प्लेट में निकालें और ऊपर से प्याज व चाट मसाला डाल दें. इससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है.
उन्होंने बताया कि जो भी एक बार रिया फास्ट फूड सेंटर का चिकन राइस खा लेता है, वह बार-बार खाने के लिए जरूर आता है. अगर इसकी कीमत की बात करें, तो यहां हाफ प्लेट चिकन राइस 60 रुपए में मिलता है.


