Last Updated:
How Can CSK Qualify For IPL 2026 Playoffs: चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल के रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जाइंट्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है.उर्विल पटेल के रिकॉर्ड तोड़ अर्धशतक और शिवम दुबे के फिनिशिंग टच ने चेपॉक में समां बांध दिया. इस जीत के साथ CSK पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर पहुंच गई है. अब चेन्नई को क्वालीफाई करने के लिए अपने बाकी बचे 3 मैचों में जीत की लय बरकरार रखनी होगी, जबकि लखनऊ इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने फैंस का दिल जीत लिया. आईपीएल मैच में रविवार को चेपॉक के मैदान पर जो हुआ, उसने न सिर्फ सीएसके के प्रशंसकों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ दौड़ा दी बल्कि टूर्नामेंट के प्लेऑफ समीकरणों को भी पूरी तरह से बदल कर रख दिया. एमएस धोनी की विरासत को आगे बढ़ाती यह टीम अब धीरे-धीरे अपनी पुरानी लय में लौट रही है. लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मिली 5 विकेटों की जीत ने यह साबित कर दिया है कि ‘येलो आर्मी’ को हल्के में लेना किसी भी टीम के लिए भारी पड़ सकता है.

इस मैच की सबसे बड़ी विशेषता रही युवा प्रतिभा उर्विल पटेल की वह तूफानी पारी, जिसने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. 204 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने जिस तरह का धैर्य और आक्रामकता दिखाई, वह किसी चैंपियन टीम की ही पहचान हो सकती है. अब यहां से चेन्नई का सफर काफी दिलचस्प होने वाला है, जबकि लखनऊ के लिए इस सीजन के दरवाजे लगभग बंद हो चुके हैं.

चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जाइंट्स द्वारा दिए गए 204 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को मात्र 19.2 ओवरों में हासिल कर लिया. इस जीत के साथ सीएसके ने 5 विकेट से मैदान मारा। मैच का अंत बेहद नाटकीय रहा, जहां शिवम दुबे ने 20वें ओवर की पहली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़कर खेल खत्म कर दिया और चेन्नई के प्रशंसकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस मैच के असली हीरो उर्विल पटेल रहे. उन्होंने चेन्नई के लिए खेलते हुए मात्र 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसी के साथ उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 50 रन बनाने के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. उनकी इस पारी ने चेन्नई को वह पावरप्ले मोमेंटम दिया, जिसकी बदौलत टीम इतने बड़े लक्ष्य को आसानी से पार कर सकी.

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के 11 मैचों में 6 जीत के साथ कुल 12 अंक हो गए हैं. पॉइंट्स टेबल में अब सीएसके 5वें स्थान पर पहुंच गई है. हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भी 12 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण आरसीबी चौथे स्थान पर बनी हुई है.

दिलचस्प बात यह है कि राजस्थान रॉयल्स के भी 11 मैचों में 12 ही अंक हैं. लेकिन चेन्नई का नेट रन रेट (0.185) राजस्थान के नेट रन रेट (0.082) से बेहतर है, जिसकी वजह से चेन्नई पांचवें और राजस्थान छठे स्थान पर खिसक गई है.

चेन्नई के पास अभी तीन लीग मैच और बचे हैं. अगर सीएसके अपने बचे हुए तीनों मैच जीत लेती है, तो वह 18 अंकों के साथ सीधे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी. यह सबसे सुरक्षित रास्ता है जिससे उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

यदि चेन्नई अपने बचे हुए तीन मैचों में से केवल दो ही जीत पाती है, तो उसके 16 अंक होंगे। 16 अंकों पर भी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बहुत अधिक रहती है, लेकिन उस स्थिति में नेट रन रेट एक बड़ा फैक्टर साबित हो सकता है. अगर चेन्नई बचे हुए तीन मैचों में से सिर्फ एक ही मैच जीत पाती है, तो उनके 14 अंक होंगे। ऐसी स्थिति में चेन्नई को अन्य टीमों के हारने की दुआ करनी होगी और प्लेऑफ की राह बेहद कठिन और तकनीकी समीकरणों में उलझ जाएगी, जिसे टीम मैनेजमेंट हर हाल में टालना चाहेगा.

दूसरी ओर, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए रविवार का दिन किसी बुरे सपने जैसा रहा. 11 मैचों में 8वीं हार के साथ लखनऊ अब प्लेऑफ की रेस से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गई है. टीम के पास अभी केवल 6 अंक हैं और यदि वे अपने बचे हुए तीनों मैच जीत भी लेते हैं, तब भी वे टॉप-4 में जगह नहीं बना पाएंगे. चेन्नई का अगला मुकाबला एक बार फिर लखनऊ सुपर जाइंट्स से ही है. यह रिवर्स फिक्सचर 15 मई (शुक्रवार) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां सीएसके अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, वहीं लखनऊ अपनी साख बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी.

लखनऊ के बाद चेन्नई को अपने आखिरी दो मैचों में लीग की टॉप टीमों, सनराइजर्स हैदराबाद (18 मई) और गुजरात टाइटंस (21 मई) का सामना करना है. खास बात यह है कि इस सीजन में ये दोनों टीमें चेन्नई को एक-एक बार हरा चुकी हैं. ऐसे में धोनी के धुरंधर न केवल प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेंगे, बल्कि अपनी पिछली हार का बदला भी चुकता करना चाहेंगे. वर्तमान पॉइंट्स टेबल की स्थिति पर नजर डालें तो सनराइजर्स हैदराबाद 11 मैचों में 7 जीत और 14 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, उनका नेट रन रेट 0.737 है. गुजरात टाइटंस भी 14 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है, लेकिन उनका रन रेट (0.228) हैदराबाद से कम है.

तीसरे स्थान पर पंजाब किंग्स का कब्जा है जिनके 10 मैचों में 13 अंक हैं। चौथे स्थान पर आरसीबी 12 अंकों और शानदार 1.234 के रन रेट के साथ मौजूद है। चेन्नई (12 अंक, 0.185 NRR) और राजस्थान (12 अंक, 0.082 NRR) क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर हैं. निचले क्रम की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स 9 अंकों के साथ सातवें, दिल्ली कैपिटल्स 8 अंकों के साथ आठवें और मुंबई इंडियंस मात्र 6 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है. लखनऊ सुपर जाइंट्स 6 अंकों और -0.907 के बेहद खराब नेट रन रेट के साथ सबसे नीचे 10वें पायदान पर खिसक गई है. चेन्नई के प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि टीम सही समय पर फॉर्म में लौट आई है. अब सारा दारोमदार आने वाले 10 दिनों पर है, जो यह तय करेंगे कि क्या पीली जर्सी वाली यह टीम छठी बार खिताब की ओर कदम बढ़ा पाएगी या नहीं.


