Last Updated:
Vaibhav Sooryavanshi vs Urvil patel: आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले से पहले तक टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी के नाम का हल्ला खूब हुआ, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जो आतिशी पारी खेली उससे वह टूर्नामेंट की नई सनसनी बनकर उभरे हैं. सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़कर उर्विल ने आईपीएल इतिहास इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक के यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
वैभव सूर्यवंशी और उर्विल पटेल.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में अगर किसी खिलाड़ी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है तो वो वैभव सूर्यवंशी हैं. उनका बल्ला टूर्नामेंट में खूब रंग जमा रहा है. उनके छक्कों की गूंज वर्ल्ड क्रिकेट में भी सुनाई दे रही है. ‘वैभव’ नाम के शोर के बीच बीती रात चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में उर्विल पटेल के बल्ले से छक्कों का ऐसा तूफान देखने को मिला, जिसने सनसनी मचा दी. अपनी पारी की शुरुआती 8 गेंदों में 6 छक्के और सिर्फ 13 बॉल में अर्धशतक जड़कर उर्विल ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. उर्विल अपनी इस विस्फोटक बैटिंग से वह रातों-रात हीरो बनकर उभरे. उर्विल ने जिस तरह की पावर हिटिंग दिखाई, अगर आगे भी इसी तरह से खेलते रहे तो वैभव की तरह वह भी भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों में नाम दर्ज करा लेंगे. चलिए वैभव सूर्यवंशी और उर्विल पटेल के अब तक के घरेलू और आईपीएल आंकड़ों पर नजर डालते हैं.
आईपीएल के नए हीरो बने उर्विल
वैभव सूर्यवंशी तो आईपीएल 2026 की शुरुआत से ही छक्के बरसा रहे हैं, लेकिन उर्विल पटेल ने लखनऊ के खिलाफ अलग ही ताकत दिखाई, जिससे वह इस टूर्नामेंट के नए हीरो बनकर उभरे. उन्होंने अपनी शुरुआती 8 गेंदों में 6 छक्के लगाए, जिससे वह ऐसा करने वाले पहले लीग इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए. इतना ही नहीं, शुरुआती 10 गेंदों में 42 रन बनाकर उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड भी तोड़ा. उनके लिए सबसे बड़ा लम्हा तब आया, जब वह 13 गेंदों में अर्धशतक तक पहुंच गए. इससे उर्विल ने आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक ठोकने के यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. यशस्वी ने 2023 में इतनी ही गेंदों में फिफ्टी बनाई थी. उर्विल ने अपनी पावर हिटिंग स्किल्स से यह साबित कर दिया कि वह अकेले ही गेंदबाजों पर हावी हो सकते हैं, जिस तरह वैभव पहली ही गेंद से आक्रमण करते हैं. उर्विल ने मैच में सिर्फ 23 गेंदों में 65 रन बनाकर सीएसके के लिए जीत के दरवाजे खोले.
उर्विल पटेल ने 13 गेंदों में जड़ा अर्धशतक.
आईपीएल में वैभव बनाम उर्विल
आईपीएल में उर्विल पटेल को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लगातार मौके नहीं मिले हैं. दूसरी ओर 2025 सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू करने के बाद से वैभव सूर्यवंशी टीम का लगातार हिस्सा रहे हैं. हालांकि, दोनों की पावर हिटिंग ने सबको काफी प्रभावित किया है. वैभव ने 18 मैच खेलते हुए दो शतक और तीन अर्धशतक के साथ 692 आईपीएल रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 224.67 का रहा है. भले ही उर्विल ने अब तक 7 ही आईपीएल मुकाबले खेले हैं, लेकिन स्ट्राइक रेट के मामले में वह भी वैभव से पीछे नहीं हैं. उर्विल का आईपीएल में स्ट्राइक रेट 225.31 का है. उन्होंने अब तक एक अर्धशतक के साथ 178 रन बनाए हैं.
गुजरात के खिलाफ बड़ा शॉट खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी.
घरेलू क्रिकेट में किसके आंकड़े बेहतर?
घरेलू क्रिकेट में उर्विल पटेल को वैभव सूर्यवंशी से ज्यादा अनुभव है. जाहिर है, उर्विल उम्र में भी वैभव से बड़े हैं. उर्विल 27 साल के हैं तो वैभव की उम्र 15 साल है. उर्विल गुजरात के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं, जबकि वैभव डॉमेस्टिक क्रिकेट में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हैं. उर्विल ने अब तक 16 फर्स्ट क्लास मैचों में दो शतक और चार अर्धशतक के साथ 837 रन बनाए हैं. वहीं, उनके 29 लिस्ट-ए मैचों में तीन शतक और इतनी ही हाफ सेंचुरी के साथ 942 रन हैं. दूसरी ओर, वैभव ने 8 फर्स्ट क्लास मैचों में एक अर्धशतक के साथ 207 रन जोड़े हैं. लिस्ट-ए में उन्होंने इतने ही मुकाबलों में एक शतक और एक फिफ्टी से 353 रन बनाए हैं. टी20 क्रिकेट में वैभव के 29 मैचों में 1141 रन और उर्विल के 61 मैचों में 1535 रन हैं. उर्विल ने तीन, जबकि वैभव ने चार सेंचुरी बनाई हैं.
दोनों को क्रिकेटर बनाने में पिता का योगदान
उर्विल और वैभव, दोनों के क्रिकेटर बनने की कहानी में उनके पिता का संघर्ष, त्याग और अमूल्य योगदान रहा है. वैभव खुद यह कह चुके हैं कि वह आज जो भी हैं अपने माता-पिता की वजह से हैं. वहीं, उर्विल ने लखनऊ के खिलाफ अपनी अर्धशतकीय पारी के जश्न में पिता का जिक्र किया, जिसने दर्शाया कि उन्हें इस मंच तक पहुंचाने में पिता की क्या भूमिका रही. बता दें कि उर्विल के पिता खुद एक क्रिकेटर बनना चाहते थे, लेकिन उन्होंने बेटे के लिए इसका त्याग किया और उनकी ट्रेनिंग में जुट गए. दूसरी ओर, वैभव के पिता ने जमीन बेचकर बेटे की क्रिकेट की जरूरतों की पूरा किया. आज इन दोनों ही पिताओं को अपने बेटों पर गर्व होगा, जिनके चौके-छक्कों पर दुनियाभर के फैंस झूम रहे हैं.
टीम इंडिया में किसे पहले मिलेगा मौका?
इन दोनों युवाओं का सपना भारतीय टीम की जर्सी पहनकर टीम को मुकाबले और आईसीसी ट्रॉफी जिताना है, जिसने लिए कड़ी मेहनत भी कर रहे हैं. हालांकि, देखना यह है कि उन्हें कब मौका मिलता है. वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप, अंडर-19 एशिया कप खेलते हुए रनों का अंबार लगाकर टीम इंडिया में डेब्यू की दावेदारी पेश कर रहे हैं. कई पूर्व खिलाड़ियों ने भी उनकी प्रतिभा को देखते हुए बयान दिया है कि उन्हें जल्द भी भारतीय टीम में मौका मिल सकता है. बात करें उर्विल की तो वह विकेटकीपर की भूमिका भी निभाते हैं. टी20 फॉर्मेट में उर्विल इंडिया-ए के लिए खेल चुके हैं. उर्विल अगर मौजूदा आईपीएल सीजन में अपना बेहतरीन फॉर्म जारी रखने में कामयाब हुए और घरेलू क्रिकेट में भी लगातार प्रदर्शन किया तो वह भी भारत के लिए डेब्यू कर सकते हैं.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


