Last Updated:
Shreyas Iyer statement: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम को आईपीएल 2026 में लगातार चौथे मैच में हार का सामना करना पड़ा. दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में टीम को 3 विकेट से करारी हार मिली. इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए. इसके साथ ही टीम की घटिया फील्डिंग और बॉलिंग पर भी कप्तान ने अपना गुस्सा उतारा.
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में धमाकेदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स की टीम अपने ट्रैक पर से उतर गई है. टीम को इस सीजन लगातार चौथे मैच में हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि, अच्छी बात ये रही कि चौथे हार के बावजूद वह 13 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तीन विकेट की हार के पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को दोषी ठहराया.
पंजाब के 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 33 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद कप्तान अक्षर पटेल (56 रन, 30 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) और डेविड मिलर (51 रन, 28 गेंद, तीन चौके, चार छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच पांचवें विकेट की 64 रन की साझेदारी से 19 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बनाकर जीत दर्ज की.
बॉलिंग और फील्डिंग से खुश नहीं हैं अय्यर
पंजाब ने कप्तान अय्यर (36 गेंद में तीन छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 59 रन) और प्रियांश आर्य (33 गेंद में छह छक्कों और दो चौकों से 56 रन) के अर्धशतक से पांच विकेट पर 210 रन बनाए थे. अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘‘बात को घुमा-फिराकर कहने की जरूरत नहीं है लेकिन एक बार फिर फील्डिंग और गेंदबाजी ने निराश किया.’’ अय्यर ने हालांकि कहा कि उन्होंने प्रतिस्पर्धी स्कोर से अधिक रन बनाए थे.
पंजाब के कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस विकेट पर यह 30 रन अधिक थे. यह देखते हुए कि गेंद कैसे सीम कर रही थी और उछाल भी असमान था.’’ स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी का मौका नहीं देने पर अय्यर ने कहा, ‘‘ इस बारे में सोचा तो था लेकिन जिस तरह से गेंद सीम कर रही थी, अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ सही रखी होती तो शायद हमें विकेट मिल जाते. लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए. मैं हमेशा कहता हूं कि हार्ड लेंथ या शॉर्ट ऑफ हार्ड लेंथ सबसे अच्छी गेंद होती है.’’
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


