नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अगर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करना चाहती है तो उसके बल्लेबाजों को बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाना होगा. दूसरी ओर केकेआर की नजरें भी लगातार 5वीं जीत के साथ प्लेऑफ की रेस में कायम रहने पर होंगी. केकेआर ने टूर्नामेंट की बेहद खराब शुरुआत के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए अपने पिछले चार मुकाबले जीते हैं. आरसीबी अभी 14 अंकों के साथ टॉप पर है, लेकिन मंगलवार के मैच के बाद सनराइजर्स हैदराबाद या गुजरात टाइटन्स भी 14 अंक लेकर टॉप पर आ सकते हैं. वहीं, केकेआर 10 मैचों में 9 अंक के साथ आठवें स्थान पर है.
आरसीबी ने अब तक अच्छा खेला है, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उसके बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक नहीं चले. मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में 167 रन का पीछा करते हुए उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी और टीम मुश्किल से जीत पाई थी. टीम आगे ऐसी स्थिति से बचना चाहेगी. पिछले मैच में क्रुणाल पंड्या के अर्धशतक और आखिरी ओवर में भुवनेश्वर कुमार के छक्के से ही टीम जीत पाई थी.
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट की शुरुआत में अच्छा खेला था लेकिन हाल के मैचों में रन बनाने के लिए जूझते दिखे. अगर आरसीबी को वापसी करनी है तो पाटीदार को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होगी. पिछली छह पारियों में वह सिर्फ एक बार पचास से ज्यादा और एक बार बीस से ज्यादा रन बना पाए हैं. इससे आरसीबी का मिडिल ऑर्डर थोड़ा कमजोर हुआ है, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड जैसे बल्लेबाजों के योगदान से टीम को मदद मिली है.
आरसीबी ने मुंबई को आखिरी गेंद पर हराया था.
अब आरसीबी के बल्लेबाजों का सामना केकेआर के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से होगा जिसमें सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनर हैं. इन्हें कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय जैसे घरेलू गेंदबाजों का भी अच्छा साथ मिल रहा है. गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन से केकेआर ने शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद लगातार चार मैच जीते हैं. अगर रायपुर की पिच पिछले मैच की तरह चिपचिपी रही और गेंद रुककर आई तो आरसीबी के बल्लेबाजों को केकेआर के गेंदबाजों के सामने दिक्कत हो सकती है.
तीन बार की चैंपियन केकेआर की टीम अभी 10 मैचों में 9 अंकों के साथ आठवें नंबर पर है और यहां जरा सी चूक भी उसे प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर सकती है. ऐसी स्थिति से बचने के लिए केकेआर के बल्लेबाजों को भी अच्छा खेलना होगा. उन्हें आरसीबी के मुख्य गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड का डटकर सामना करना होगा. केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन उप-कप्तान रिंकू सिंह, न्यूजीलैंड के फिन एलन, अनुकूल रॉय और अंगकृष रघुवंशी ने पिछले कुछ मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की है. इनके अलावा कैमरन ग्रीन ने भी अपनी बल्लेबाजी में सुधार किया है.
जीत का चौका लगा चुकी है केकेआर.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा.
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, प्रशांत सोलंकी.


