5.3 C
Munich

10वीं बार पंजाब ने 200 प्लस का टारगेट किया चेज, श्रेयस अय्यर की पारी अभिषेक शर्मा पर पड़ी भारी

Must read


होमखेलक्रिकेट

10वीं बार पंजाब ने 200 प्लस का टारगेट किया चेज, अय्यर की पारी अभिषेक पर भारी

Last Updated:

PBKS vs SRH Match Report and Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से रखे गए 220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवर में 223 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया. पंजाब की चार मैचों में यह तीसरी जीत है. जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की चार मैचों में यह तीसरी हार है. पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 69 रन की पारी खेली.

Zoom

श्रेयस अय्यर ने लगातार दूसरी फिफ्टी ठोकी.

नई दिल्ली. पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में वो कर दिखाया जो अब उनकी पहचान बन चुकी है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में पंजाब ने न केवल 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की, बल्कि 10वीं बार 200 से अधिक रनों का लक्ष्य पीछा करने वाली आईपीएल इतिहास की पहली टीम बन गई. कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में पंजाब ने इस सीजन की अपनी तीसरी जीत दर्ज की. जबकि हैदराबाद की चार मैचों में यह तीसरी हार है.सात अंक पंजाब अंक तालिका में दूसरे जबकि हैदराबाद एक जीत से छठे नंबर पर है.

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत किसी डरावने सपने जैसी थी. सनराइजर्स के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आते ही गेंदबाजों की धज्जियां उड़ानी शुरू कर दीं. अभिषेक ने महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर सनराइजर्स को पावरप्ले में ही 105/0 के स्कोर पर पहुंचा दिया. एक समय लग रहा था कि हैदराबाद 250 का आंकड़ा पार कर लेगी.  लेकिन तभी मैच का रुख पलटा शशांक सिंह ने. उन्होंने एक ही ओवर में दोनों ओपनर को पवेलियन भेजकर सनराइजर्स की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. पंजाब के गेंदबाजों ने बेहतरीन वापसी की और हैदराबाद को 219 रनों पर रोकने में कामयाबी हासिल की.

श्रेयस अय्यर ने लगातार दूसरी फिफ्टी ठोकी.

प्रियांश और प्रभसिमरन का ‘जवाबी हमला’
220 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया. प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने ठीक वैसा ही खेल दिखाया जैसा हैदराबाद के लिए ‘ट्रेविशेक’ (ट्रेविस हेड और अभिषेक) ने दिखाया था. दोनों ने पावरप्ले में 93 रन जोड़ दिए और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए. हालांकि, मैच में रोमांच तब बढ़ा जब शिवांग कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पंजाब के तीन विकेट जल्दी झटक लिए। 11वें ओवर में जब स्कोर 128/3 था, तब हैदराबाद को वापसी की उम्मीद जगी थी.

कप्तान अय्यर का ‘रॉयल’ फिनिश
जब मैच फंसता हुआ नजर आया, तब क्रीज पर आए कप्तान श्रेयस अय्यर. अय्यर ने न केवल पारी को संभाला बल्कि पूरी तरह से मैच को अपनी मुट्ठी में कर लिया. उन्होंने 69 रनों की कप्तानी पारी खेली और मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए. अय्यर की इस संयमित और आक्रामक पारी की बदौलत पंजाब ने 6 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.

प्रियांश आर्य ने 16 गेंद में लगाई फिफ्टी

प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी कर पंजाब को मजबूत शुरुआत दिलाई. 16 गेंदों पर प्रियांश ने अर्धशतक पूरा किया. 99 के स्कोर पर पंजाब ने अपना पहला विकेट गंवाया. प्रियांश को शिवांग कुमार ने नितीश के हाथों कैच कराया. प्रियांश 20 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने पांच चौके और इतने ही छक्के लगाए. इसके बाद प्रभसिमरन  सिंह भी 25 गेंदों पर 51 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उन्हें भी शिवांग कुमार ने आउट किया. कूपर कोनोली शिवांग के तीसरे शिकार बने. नेहल वढ़ेरा 14 रन बनाकर आउट हुए वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर 33 गेंदों पर 69 रन बनाकर नाबाद लौटे.

अभिषेक शर्मा के दम पर हैदराबाद ने 6 विकेट पर 219 रन बनाए
इससे पहले, ओपनर अभिषेक शर्मा की 28 गेंद में 74 रन की तूफानी पारी के बाद पंजाब किंग्स ने वापसी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट पर 219 रन के स्कोर पर रोक दिया. बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अभिषेक और ट्रेविस हेड (23 गेंद में 38 रन) ने पंजाब के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी निभाई. इसमें पंजाब किंग्स के विजयकुमार वैशाक काफी खर्चीले रहे जिनके पहले ही ओवर में अभिषेक ने चार छक्के जड़ दिए. अभिषेक ने इसी ओवर में 18 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया. पर घरेलू टीम ने शशांक सिंह (20/2) की बदौलत वापसी की जिन्होंने एक ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया.

हैदराबाद 9वें ओवर की शुरुआत में 120 रन बना चुकी थी
इससे नौवें ओवर की शुरुआत में बिना विकेट गंवाए 120 रन पर पहुंचने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 220 रन के अंदर ही सिमट गई. जेवियर बार्टलेट (43/1) ने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए महज पांच रन दिए. अभिषेक (आठ छक्के, पांच चौके) ने पारी की तेज शुरुआत की, उन्होंने अर्शदीप सिंह पर कवर के ऊपर से शॉट लगाकर चौका जड़ा. अभिषेक ने बार्टलेट के खिलाफ दो चौके लगाए और फिर अर्शदीप के खिलाफ तेजी से रन जुटाए. मार्को यानसेन की भी जमकर धुनाई हुई. इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ के पहले ही ओवर में 16 रन बने जिससे सनराइजर्स हैदराबाद चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 60 रन तक पहुंच गई.

अभिषेक वैशाक के पहले ही ओवर में 24 रन बनाए
अभिषेक ने फिर चार छक्कों से वैशाक के पहले ही ओवर में 24 रन जुटा लिए जिससे पांच ओवर में स्कोर बिना विकेट गंवाए 84 रन था जो इस मैदान पर पावरप्ले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. इसके बाद दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी. हेड ने लगातार तीन चौके जड़े और अभिषेक ने डीप मिडविकेट के ऊपर से एक छक्का लगाकर पावरप्ले के अंदर ही टीम का स्कोर 100 तक पहुंचा दिया. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेल की गति धीमी करने के लिए शशांक और स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंद सौंपी. शशांक ने अपने पहले ओवर में महज छह रन दिए.

इशान 27 और क्लासेन 39 रन बनाकर आउट हुए
चहल ने अपनी पहली पांच गेंद में सिर्फ तीन रन दिए जिसके बाद अभिषेक ने इस लेग स्पिनर पर एक जोरदार छक्का जड़ दिया. शशांक को गेंदबाजी पर लगाए रखने का पंजाब किंग्स को फायदा मिला. उन्होंने एक साधारण सी गेंद पर हेड के रूप में टीम को पहली और अहम सफलता दिलाई जो सीधे लांग ऑफ में खड़े फील्डर को कैच दे बैठे. शशांक ने फिर अभिषेक को फुल लेंथ गेंद फेंकी और यह बल्लेबाज अर्शदीप के हाथों लपका गया. श्रेयस ने अपनी सूझबूझ भरी कप्तानी का परिचय देते हुए चहल को एक और ओवर दिया. मैच की स्थिति को देखते हुए चहल ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और इस ओवर में सिर्फ नौ रन दिए. सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन (17 गेंद में 27 रन) अर्शदीप की गेंद पर आउट हो गए जबकि हेनरिक क्लासेन (33 गेंद में 39 रन) अंतिम ओवर में आउट हुए.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article