Last Updated:
Haridwar Ardh Kumbh 2027: उत्तराखंड के धर्मनगरी हरिद्वार में अगले साल लगने जा रहे भव्य अर्धकुंभ मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह महा पर्व बेहद खास रहने वाला है. प्रशासन और अखाड़ों के बीच रूपरेखा तैयार की जा रही है. अगर आप भी इस पावन अवसर पर स्नान और दर्शन का लाभ उठाना चाहते हैं, तो अभी से तैयारी कर लें. यहाँ अमृत स्नान और सभी प्रमुख पर्वों की पूरी सूची दी गई है.
Haridwar Ardh Kumbh 2027: धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा का सबसे बड़ा आयोजन कुंभ मेला एक बार फिर हरिद्वार में श्रद्धालुओं को आकर्षित करने जा रहा है लेकिन यहां लगने वाला मेला अर्धकुंभ होगा. हरिद्वार में अगले साल 2027 में 14 जनवरी 2027 से 20 अप्रैल 2027 तक अर्धकुंभ मेला का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचेंगे. कुंभ के दौरान गंगा स्नान, दान-पुण्य, पूजा-पाठ और साधु-संतों के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है. खासतौर पर हरिद्वार की हर की पौड़ी पर स्नान करना श्रद्धालुओं के लिए बेहद पुण्यकारी माना जाता है.
कब से कब तक चलेगा हरिद्वार अर्धकुंभ 2027?
हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 के लिए मेला प्रशासन ने जनवरी से अप्रैल तक का कार्यक्रम तैयार किया है. उत्तराखंड राजभवन की जानकारी के अनुसार, मेले की प्रशासनिक अवधि 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2027 तक निर्धारित की गई है. वहीं प्रमुख धार्मिक स्नान का सिलसिला 14 जनवरी 2027 यानी मकर संक्रांति से शुरू होकर 20 अप्रैल 2027 यानी चैत्र पूर्णिमा तक चलेगा. कुल 97 दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में 10 प्रमुख स्नान पर्व होंगे, जिनमें अमृत स्नान (शाही स्नान) भी शामिल हैं.
हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 अमृत स्नान (शाही स्नान) की प्रमुख तिथियां:
- 6 मार्च 2027 (शनिवार): महाशिवरात्रि — प्रथम अमृत स्नान
- 8 मार्च 2027 (सोमवार): फाल्गुन / सोमवती अमावस्या — द्वितीय अमृत स्नान
- 14 अप्रैल 2027 (बुधवार): मेष संक्रांति (बैसाखी) — तृतीय अमृत स्नान
- 20 अप्रैल 2027 (मंगलवार): चैत्र पूर्णिमा — अंतिम/चतुर्थ स्नान पर्व
हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 अन्य प्रमुख स्नान पर्व:
- 14 जनवरी 2027 (गुरुवार): मकर संक्रांति (मेले का पहला स्नान)
- 6 फरवरी 2027 (शनिवार): मौनी अमावस्या
- 11 फरवरी 2027 (गुरुवार): बसंत पंचमी
- 20 फरवरी 2027 (शनिवार): माघ पूर्णिमा
- 7 अप्रैल 2027 (बुधवार): नव संवत्सर (हिंदू नववर्ष)
- 15 अप्रैल 2027 (गुरुवार): श्री राम नवमी
हर की पौड़ी पर स्नान का क्या है महत्व?
हरिद्वार की हर की पौड़ी को गंगा के सबसे पवित्र घाटों में गिना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि यहां ब्रह्मकुंड में स्नान करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और उसे पुण्य की प्राप्ति होती है. मान्यता यह भी है कि इसी स्थान पर भगवान विष्णु के चरण चिह्न मौजूद हैं. पौराणिक कथा के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश से अमृत की कुछ बूंदें हरिद्वार में भी गिरी थीं. इसी वजह से कुंभ के दौरान यहां गंगा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि कुंभ के शुभ योग में हर की पौड़ी पर स्नान करने से आध्यात्मिक शुद्धि होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. इस दौरान गंगा आरती, दीपदान और दान-पुण्य करने की भी विशेष परंपरा है.
कुंभ मेले में क्यों पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु?
अर्धकुंभ केवल गंगा स्नान का पर्व नहीं, बल्कि संतों, अखाड़ों और सनातन संस्कृति का विशाल संगम भी है. इस दौरान नागा साधुओं की पेशवाई, धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन और विभिन्न अखाड़ों के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होते हैं. यही वजह है कि हरिद्वार का अर्धकुंभ 2027 देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है.
About the Author
पराग शर्मा Hindi News18 Digital में Chief Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्र, राशि और वास्तु से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. भारतीय धार्मिक परंपराओं, ज्योतिष शास्त्र, मेद…
