Last Updated:
अयोध्या में राम पथ से जुड़ी 12 प्रमुख संकरी गलियों का चौड़ीकरण किया जाएगा. स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट में जाम और जलभराव की समस्या का समाधान किया जाएगा. साथ ही पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित पाथवे, बेहतर लाइटिंग और उन्नत जल निकासी व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी.
अयोध्या. रामनगरी अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को अब जल्द ही जाम, जलभराव और संकरी गलियों की समस्या से राहत मिलने जा रही है. राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत राम पथ से जुड़ी सभी प्रमुख संकरी गलियों का चौड़ीकरण किया जाएगा. इस परियोजना पर लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. शासन से भी इसकी स्वीकृति मिल चुकी है अब अयोध्या की गलियों को जल भराव की समस्या से भी निजात मिलेगा. नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के अनुसार राम पथ पर स्थित कई गलियां वर्षों से बेहद संकरी और जर्जर स्थिति में थी. खासकर त्योहारों और बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है. बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या लोगों के लिए और परेशानी बढ़ा देती है. इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अब 12 प्रमुख गलियों को चिन्हित किया गया है, जिनका चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण किया जाएगा.
पैदल यात्रियों के लिए बनेंगे सुरक्षित पाथवे
इस योजना के तहत केवल सड़क चौड़ीकरण ही नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा. गलियों के दोनों किनारों पर आकर्षक लाइटिंग लगाई जाएगी, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित पाथवे बनाए जाएंगे और बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि बारिश का पानी सड़कों पर जमा न हो. इससे श्रद्धालुओं को मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी. राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. हर दिन हजारों लोग रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. ऐसे में शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता बन गया है. स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत हो रहे इस विकास कार्य से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि अयोध्या का सौंदर्यीकरण भी और बेहतर होगा.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें


