Last Updated:
shreyas iyer ipl record: पंजाब किंग्स के कप्तान और भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर आईपीएल में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने की दहलीज पर हैं. अय्यर आईपीएल में 4000 रन पूरे करने से महज 61 रन दूर हैं. यह उपलब्धि वह अपनी पूर्व टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले मैच में हासिल कर सकते हैं.
4000 आईपीएल रन पूरे करने के करीब श्रेयस अय्यर.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में 24 अप्रैल को फैंस डबल हेडर के रोमांच का लुत्फ उठाते नजर आएंगे. शाम का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाएगा, जबकि दिन के मैच में दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के रथ पर सवार पंजाब किंग्स को रोकने की चुनौती होगी. इसी मुकाबले में पंजाब के कप्तान और भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की नजरें एक बड़ी उपलब्धि पर होगी. दरअसल, अय्यर 61 रन बनाते है आईपीएल में 4000 रन पूरे कर लेंगे. अब तक इस लीग में सिर्फ 19 बल्लेबाज ही 4000 रन के आंकड़े तक पहुंच पाए हैं. अय्यर ऐसा करने वाले 20वें बल्लेबाज बन जाएंगे.
श्रेयस ने अब तक 139 आईपीएल मैचों में 34.85 की औसत से 3939 रन बनाए हैं. इसमें 30 अर्धशतक शामिल हैं और उनका उच्चतम स्कोर 97 रन रहा है. उनका ओवरऑल स्ट्राइक रेट 135.26 का है. अय्यर ने अपने करियर का सबसे लंबा समय दिल्ली के साथ बिताया. वे दिल्ली के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 87 मैचों में 2375 रन बनाए, जिसमें 16 अर्धशतक शामिल हैं. 2022 से 2024 के बीच वे कोलकाता नाइटराइडर्स का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने 29 मैचों में 752 रन बनाए.
गरज रहा अय्यर का बल्ला
पंजाब के लिए उनका बल्ला खूब गरज रहा है. उन्होंने 23 मैचों में 50.75 की शानदार औसत से 812 रन बनाए हैं. इस सीजन में श्रेयस अय्यर जबरदस्त फॉर्म में हैं. उन्होंने 5 पारियों में 52.00 की औसत और 182.45 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 208 रन बनाए हैं. सिर्फ बल्ले ही नहीं, अय्यर कप्तानी में भी कमाल दिखा रहे हैं. पिछले सीजन अपनी कप्तानी में पंजाब को फाइनल तक का सफर तय कराने के बाद मौजूदा सीजन में उनकी टीम जीत के रथ पर सवार है.
कोनोली रहेंगे उपलब्ध
इस मुकाबले से पहले स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने टीम की एक बड़ी चिंता दूर करते हुए पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे. 22 साल के कोनोली अपनी पीठ के स्कैन के लिए कुछ समय के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे, क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी गेंदबाजी फिटनेस पर नजर रख रहा था. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर पंजाब किंग्स के कोच बहुतुले ने कहा, ‘हां, वह पूरी तरह से उपलब्ध हैं. वह बस वहां गया और वापस आ गया. वह तैयार हैं और खेलने के लिए उत्सुक हैं.’ बता दें कि कोनोली शानदार फॉर्म में हैं.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


