Last Updated:
icc suspends funding of Canada cricket: आईसीसी ने खराब गवर्नेंस, वित्तीय अनदेखी और नियमों के उल्लंघन के कारण क्रिकेट कनाडा की फंडिंग पर 6 महीने की रोक लगा दी है. हालांकि, इससे क्रिकेट गतिविधियों और ट्रेनिंग पर असर नहीं पड़ेगा, लेकिन आईसीसी का यह एक्शन बोर्ड के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि उसकी 63% कमाई आईसीसी से ही आती है.
आईसीसी ने 6 महीने के लिए रोकी कनाडा क्रिकेट की फंडिंग.
नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्रिकेट कनाडा को मिलने वाले फंड पर रोक लगा दी है. यह फैसला बोर्ड के खराब कामकाज और अंदरूनी विवादों के चलते लिया गया है. इस समय कनाडा में क्रिकेट मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह बड़े संकट से गुजर रहा है. आईसीसी ने हफ्ते की शुरुआत में कनाडा क्रिकेट बोर्ड को इसकी जानकारी दी कि अगले छह महीनों तक उनकी फंडिंग पर यह रोक जारी रहेगी.
क्रिकेट मैचों पर पड़ेगा असर?
फंडिंग की इस रोक से कनाडा में क्रिकेट की एक्टिविटीज या खिलाड़ियों के ट्रेनिंग प्रोग्राम पर कोई असर नहीं पड़ेगा. हालांकि, इसके बावजूद यह क्रिकेट कनाडा के लिए एक बहुत बड़ा झटका है. एक एसोसिएट मेंबर होने के नाते, वे पैसों के लिए काफी हद तक आईसीसी पर ही निर्भर हैं. साल 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट कनाडा की कुल कमाई का 63% हिस्सा आईसीसी से आता था.
एक कनाडाई इन्वेस्टिगेटिव डॉक्युमेंट्री ने खुलासा किया था कि क्रिकेट कनाडा ने आईसीसी के नियमों का उल्लंघन किया है. बोर्ड में पैसों के लेन-देन और कामकाज की सही से देखरेख नहीं हो रही थी. हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच हुए मैच की जांच आईसीसी की एंटी-करप्शन यूनिट कर रही है. शक है कि इस मुकाबले में मैच फिक्सिंग हुई थी.
विवादों में क्रिकेट बोर्ड
पिछले साल बोर्ड में काफी प्रशासनिक दिक्कतें आईं. पूर्व सीईओ सलमान खान को उनके पद से हटाना पड़ा क्योंकि उन्होंने अपने ऊपर चल रहे चोरी और धोखाधड़ी के आपराधिक मामलों को छुपाया था. हालांकि, खान ने इन आरोपों से इनकार किया है. पिछले साल के एक फोन कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच चल रही है. आरोप है कि बोर्ड के कुछ पूर्व सदस्यों ने तत्कालीन कोच खुर्रम चोहन पर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को टीम में चुनने का दबाव बनाया था.
9 और 10 मई को हुई क्रिकेट कनाडा की सालाना बैठक के तुरंत बाद आईसीसी ने फंडिंग रोकने का यह फैसला सुनाया. इस बैठक में कनाडा बोर्ड ने अपने कामकाज को सुधारने के लिए कुछ नए बदलावों का एलान किया है. साथ ही, 9 सदस्यों वाले एक नए बोर्ड का चुनाव किया गया है, जिसमें अरविंदर खोसा को नया अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) चुना गया है. इससे पहले अप्रैल में उन्हें अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया था.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


