Last Updated:
sunil gavaskar on rishabh pant ‘F’ word statement: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की करारी हार के बाद लाइव टीवी पर कप्तान ऋषभ पंत का गुस्सा फूट पड़ा, जहां उन्होंने एक ‘अपशब्द’ (F-word) का इस्तेमाल कर दिया. पंत के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल हुआ. हालांकि, भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर खुलकर पंत के बचाव में उतर आए हैं. गावस्कर ने साफ कहा है कि मैच हारने के तुरंत बाद कप्तान का इंटरव्यू लेना बंद होना चाहिए.
ऋषभ पंत ने बयान पर सुनील गावसकर ने की टिप्पणी.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स और उनके कप्तान ऋषभ पंत के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ है. टीम अंक तालिका में सबसे नीचे यानी 10वें पायदान पर रही. इस भारी दबाव के बीच 20 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार के बाद लाइव टीवी इंटरव्यू में ऋषभ पंत के मुंह से ‘F’ शब्द निकल गया, जिसने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. लेकिन अब इस विवाद में पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने ब्रॉडकास्टर्स के रवैये पर ही सवाल उठा दिए हैं.
हार के तुरंत बाद इंटरव्यू की क्या जरूरत?
सुनील गावस्कर ने ‘मिड-डे’ के लिए लिखे अपने कॉलम में ऋषभ पंत का पक्ष लेते हुए पूछा है कि क्या मैच खत्म होने के ठीक दो मिनट बाद ही हारने वाले कप्तान का इंटरव्यू लेना वाकई इतना जरूरी है? गावस्कर ने लिखा, ‘ऋषभ पंत का लाइव इंटरव्यू में अपशब्द का इस्तेमाल करना यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या हारने वाले कप्तान का इंटरव्यू तुरंत लिया जाना चाहिए? अगर मैच आखिरी ओवर तक गया हो, तो कप्तान की निराशा और ज्यादा बढ़ जाती है. ऊपर से पंत विकेटकीपर भी हैं, जिन्हें इतनी भीषण गर्मी में हर गेंद पर विकेट के पीछे दौड़ना पड़ता है. ऐसे में उनका फ्रस्ट्रेट होना स्वाभाविक है.’


