10.1 C
Munich

एक तरफ PM मोदी ने भरी हुंकार, दूसरी तरफ CM योगी ने गिनाई विकास की उपलब्धियां, काशी में दिखा डबल इंजन का पावर

Must read


वाराणसी: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को कई बड़े सौगात दिए. बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत पार्टी पदाधिकारियों और प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया. इसके बाद सेना के हेलीकॉप्टर से बीएलडब्ल्यू हेलीपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया. प्रधानमंत्री ने बरेका में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित किया. इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. बाबा दरबार में सभी ने हाज‍िरी लगाई और बाबा का अभ‍िषेक क‍िया. इस दौरान उन्होंने काशी के विकास के लिए कुल 6332.08 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं की सौगात दी. इनमें 1054.69 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है.

सम्‍मेलन में मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए व‍िकास की रूपरेखा खींचने के साथ महिलाओं के ह‍ितों के ल‍िए सरकार के क‍िए जा रहे प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें ‘नए भारत का निर्माता’ बताया और कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

काशी बना दुनिया के आकर्षण का केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी की ओर से वह प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र विकास की अवधारणा को भी आत्मसात कर रहा है. समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है और देश तेज गति से उस दिशा में अग्रसर है.

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज “काशी” दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना. काशी विश्वनाथ चेतना का केंद्र बिंदु के रूप में हम सबको देखने को मिला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी में अब तक 35000 करोड़ की विकास परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है, वहीं 20000 करोड़ की विकास परियोजनाएं वाराणसी में गतिमान है. योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि आधी आबादी के मन विपक्ष के खिलाफ गुस्सा है.

नारी शक्ति योजना पर बल
वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को विकसित बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें भारत की नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक नए युग की शुरुआत के लिए माताओं-बहनों का आशीर्वाद लेने आए हैं. साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाते हुए महिला आरक्षण को लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग दे रही है. प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है.

विपक्ष पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं. उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे. यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है. प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह करीब 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का संकल्प लिया. उन्होंने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की, जिससे अधिक से अधिक लड़कियां स्कूल पहुंच सकें. उन्होंने कहा कि साल 2014 में जब देश की माताओं-बहनों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तब से भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है.

देश की महिलाएं बढ़-चढ़कर करें भागीदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें. विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी. उन्होंने कहा कि अपनी भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सोच ‘नारी शक्ति का सम्मान’ और ‘नागरिक देवो भव:’ की भावना पर आधारित है. प्रधानमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें.

उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि वे नारी वंदन के इस प्रयास को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. विपक्षी दलों की वजह से लक्ष्य अधूरा रह गया. महिलाओं के सशक्तीकरण से देश मजबूत होगा. उन्होंने बताया कि 30 करोड़ से अधिक बहनों के लिए बैंक खाते खोले गए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में महिलाओं से कहा कि वे इस कार्यक्रम में महायज्ञ के प्रारंभ के लिए सभी बहनों और बेटियों का आशीर्वाद लेने आए हैं. उन्होंने कहा कि काशी के सांसद के रूप में, देश के प्रधानमंत्री के रूप में, देश के कल्याण के एक महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उनके आशीर्वाद की आवश्यकता है और यह महत्वपूर्ण लक्ष्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है.

प्रमुख लोकार्पण परियोजनाएं
लोकार्पित परियोजनाओं में 308.09 करोड़ की लागत से बना एसटीपी, 144.43 करोड़ का कज्जाकपुरा आरओबी और सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती संस्थान में 45.91 करोड़ की लागत से बना सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज प्रमुख हैं. इसके अलावा पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और खेल सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं भी शामिल हैं.

प्रधानमंत्री ने 2464.46 करोड़ की लागत से मालवीय पुल के पास बनने वाले रेल सह सड़क पुल, 1582.99 करोड़ की सीवरेज व वाटर सप्लाई परियोजनाएं और कबीरचौरा में 429.36 करोड़ की मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल परियोजना का शिलान्यास किया. इसके साथ ही सैकड़ों करोड़ की लागत से सड़कों, बिजली, जलापूर्ति और शहरी विकास की योजनाओं की भी नींव रखी गई.

घाटों के विकास पर विशेष जोर
गंगा तट के घाटों के विकास के लिए भी कई योजनाएं शुरू की गईं. दशाश्वमेध घाट के जीर्णोद्धार के लिए 8.27 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया गया. इसके तहत राजेंद्र प्रसाद, मान मंदिर और त्रिपुरा भैरवी घाटों का भी विकास किया जाएगा. घाटों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के लिए 6.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

ग्रामीण और शहरी विकास को बढ़ावा
पूर्वांचल क्षेत्र के लिए भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गईं. इनमें ग्रामीण सड़कों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, विद्यालयों का आधुनिकीकरण और खेल अवसंरचना का विकास शामिल है. साथ ही बीएचयू और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रावासों के जीर्णोद्धार और नई सुविधाओं का भी शुभारंभ किया गया.

पर्यटन और संस्कृति को मिलेगी मजबूती
काशी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए घाटों, कुंडों और मंदिरों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है. नमो घाट और काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास पहले हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नए प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं. प्रधानमंत्री का यह दौरा काशी के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इन परियोजनाओं से न केवल स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. काशी को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article