Last Updated:
asian games 2026 broadcasting rights in india: सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने 20वें एशियाई खेलों (Asian Games 2026) के प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं. इसका आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आईची-नागोया में किया जाएगा. यानी फैंस भारत में एशियन गेम्स 2026 का सीधा प्रसारण सोनी के स्पोर्ट्स चैनलों और उनके ऐप Sony LIV पर देख सकेंगे.
एशियन गेम्स के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स सोनी पिक्चर्स ने किए हासिल.
नई दिल्ली. सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले 20वें एशियाई खेलों के प्रसारण के खास अधिकार ले लिए हैं. इस समझौते के तहत इस टूर्नामेंट का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा और पूरे भारत और उपमहाद्वीप में सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा. भारत ने पिछले एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे और इस बार इससे बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा.
एशियाई खेलों में ओलंपिक में शामिल 32 खेलों समेत कुल 41 खेलों में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. इस बार मिश्रित मार्शल आर्ट और सर्फिंग जैसे नए खेल भी शामिल किए गए हैं. इसके अलावा क्रिकेट, टेनिस, ईस्पोर्ट्स, कबड्डी, सेपक टकरा और कुराश जैसे खेल भी होंगे. क्रिकेट भारतीय दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा, जिसमें पुरुष और महिला दोनों टीमें खेलेंगी. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम डिफेंडिंग चैंपियन है. रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में हांगझोऊ में खेले गए पिछले एशियन गेम्स में भारत ने गोल्ड मेडल जीता था. इस बार भारत इसे डिफेंड करने उतरेगा.
इस डील के अनुसार 2026 एशियाई खेलों का सीधा प्रसारण पूरे भारत और भारतीय उपमहाद्वीप में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) के चैनलों पर किया जाएगा. साथ ही, इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव (Sony LIV) ऐप पर भी उपलब्ध होगी. यह लगातार तीसरी बार है जब सोनी नेटवर्क भारत में एशियाई खेलों का आधिकारिक प्रसारण करेगा.
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के स्पोर्ट्स हेड राजेश कौल ने इस मौके पर कहा, ‘पिछले एशियाई खेलों में भारत का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा था, जहां देश ने पहली बार 100 से ज्यादा पदक (कुल 107 पदक) जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था. इस शानदार कामयाबी ने भारत में मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स के प्रति लोगों की दिलचस्पी को काफी बढ़ा दिया है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘क्रिकेट के शामिल होने और भारत के शानदार एथलीटों की टुकड़ी के साथ एक और यादगार अध्याय लिखने के लिए मंच तैयार है. हमारे खिलाड़ी नए माइलस्टोन और रिकॉर्ड्स बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


