Last Updated:
varun Chakravarthy injury update: आरसीबी के खिलाफ मुकाबले से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक बड़ी टेंशन है. टीम के सहायक कोच शेन वॉटसन ने पुष्टि की है कि आरसीबी के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का खेलना संदिग्ध है. वरुण चक्रवर्ती को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में घुटने में दिक्कत महसूस हुई थी. उनकी फिटनेस पर नजर रखी जा रही है.
वरुण चक्रवर्ती का आरसीबी के खिलाफ खेलना संदिग्ध.
नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद अहम है. इस मैच से पहले टीम के सहायक कोच शेन वॉटसन ने मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की चोट पर एक बड़ा अपडेट दिया है. वॉटसन ने बताया कि वरुण चक्रवर्ती की स्थिति पर अभी नजर रखी जा रही है. पिछले मैच के बाद उन्हें बैसाखियों और घुटने के ब्रेस के सहारे देखा गया था, जिससे उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है. वॉटसन के अनुसार, वरुण पिछले दो मैचों से काफी दर्द में थे, फिर भी उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की. सीजन की खराब शुरुआत के बाद उन्होंने जिस तरह वापसी की है, वह काबिल-ए-तारीफ है. अगर वरुण आरसीबी के खिलाफ नहीं खेलते हैं तो यह बड़ा झटका साबित हो सकता है.
हालांकि, टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि वरुण कल के मैच तक फिट हो जाएंगे, लेकिन उनके खेलने का अंतिम फैसला अभी नहीं लिया गया है. वॉटसन ने कहा, ‘हम दुआ कर रहे हैं कि वह उपलब्ध रहें.’ सीजन के पहले तीन मैचों में एक भी विकेट न लेने वाले वरुण ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले चार मैचों में 10 विकेट झटके. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका तीन विकेट वाला स्पैल टीम के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ था. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए केकेआर को यह मैच जीतना ही होगा.
टीम के प्रदर्शन को लेकर वॉटसन ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने शुरुआत में थोड़ा धीरे खेला था, लेकिन अब टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे आईपीएल प्लेऑफ में पहुंच सकते हैं. केकेआर अभी 9 अंकों के साथ आठवें नंबर पर है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी सारे मैच जीतने होंगे.
आगे के मुकाबलों के लिए तैयार केकेआर
वॉटसन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ मैच से पहले कहा, ‘सच कहूं तो हमने अभी भविष्य के बारे में बात नहीं की है.’ उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ मैचों में टीम ने खासा अच्छा खेल दिखाया है और अब हर तरफ से टीम अच्छा कर रही है. हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और हमें पता है कि धीमी शुरुआत के बाद भी टीमें फाइनल तक पहुंची हैं. आईपीएल का इतिहास यही बताता है और हमें पता है कि ये मुमकिन है.’ उन्होंने कहा कि टीम को नीलामी के बाद बदलावों के साथ तालमेल बिठाने में थोड़ा समय लगा. उन्होंने कहा, ‘हर किसी को टीम में ढलने में थोड़ा वक्त लगता है. अब सब कुछ ठीक है और हमारा बल्लेबाजी क्रम भी अच्छा लग रहा है. हमें समझ आ रहा है कि टीम के लिए क्या सही है.’
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


