Last Updated:
दिल्ली-झांसी ताज एक्सप्रेस पर होडल-कोसीकलां के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा लोहे की पाइप से हमला किया है. हमले में डी-6 कोच की इमरजेंसी विंडो टूट गई और दो यात्री घायल हो गए. दोनों पैसेंजर्स को मथुरा में प्राथमिक उपचार दिया गया है.
दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस पर रॉड से हमले का मामला सामने आया है.
Taj Express: दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस में आज कुछ ऐसा हुआ, जिससे ट्रेन में सवार पैसेंजर अंदर तक कांप गए. गनीमत रही कि यह ट्रेन सही सलातम पहले मथुरा और फिर झांसी पहुंच गई. इस घटना में दो पैसेंजर्स के हताहत होने की सूचना है. हालांकि, सभी के जहन में सवाल बार बार कौंध रहा है कि आखिर ताज एक्सप्रेस को कौन निशाना बनाना चाह रहा था.
जानकारी के अनुसार, यह घटना दिल्ली-मथुरा रेलखंड पर होडल और कोसीकलां स्टेशन के बीच हुई. घटना में किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के डी-6 कोच पर बाहर से लोहे की पाइप फेंककर हमला किया. इस हमले में कोच की इमरजेंसी विंडो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शीशा टूट गया. घटना के दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. शीशे टूटने की वजह से दो यात्री घायल हो गए, जिन्हें मथुरा स्टेशन पर प्राथमिक उपचार दिया गया.
इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), कमर्शियल इंस्पेक्टर, पीडब्ल्यूआई और स्टेशन मास्टर की टीम ने मौके का मुआयना किया. ट्रैक और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच के बाद अधिकारियों ने घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने की कवायद शुरू कर दी है.
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था. हालांकि, अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें


