Last Updated:
ओवर्टन की जगह दक्षिण अफ्रीका के उभरते ऑलराउंडर डियान फोरेस्टर को टीम में शामिल किया. 75 लाख रुपये में जुड़े फोरेस्टर अभी इंटरनेशनल क्रिकेट में नए हैं, लेकिन उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू सीरीज में जो झलक दिखाई, उसने उन्हें एक संभावनाशील खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है.
CSK ने ओवर्टन की जगह दक्षिण अफ्रीका के उभरते ऑलराउंडर डियान फोरेस्टर को टीम में शामिल किया
नई दिल्ली. आईपीएल जैसे हाई-इंटेंसिटी टूर्नामेंट में हर टीम को सिर्फ विपक्षी टीमों से ही नहीं, बल्कि चोटों से भी लड़ना पड़ता है. इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए यह चुनौती कुछ ज्यादा ही कठिन साबित हो रही है. टीम एक के बाद एक बड़े खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है, लेकिन इसके बावजूद फ्रेंचाइजी ने हार मानने के बजाय नए चेहरों के साथ अपनी रणनीति को मजबूती देने की कोशिश की है.
इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन का बाहर होना सीएसके के लिए बड़ा झटका है. ओवरटन ने इस सीजन में 10 मैचों में 14 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई थी, साथ ही बल्ले से 136 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया लेकिन दाहिनी जांघ की चोट ने उनके सफर को बीच में ही रोक दिया. सीएसके मैनेजमेंट ने साफ किया कि ओवरटन अब इलाज के लिए ब्रिटेन लौटेंगे, जिससे टीम को एक अनुभवी ऑलराउंडर की कमी खलेगी.
डियान फोरेस्टर की एंट्री
चेन्नई ने इस झटके का जवाब तुरंत दिया और दक्षिण अफ्रीका के उभरते ऑलराउंडर डियान फोरेस्टर को टीम में शामिल किया. 75 लाख रुपये में जुड़े फोरेस्टर अभी इंटरनेशनल क्रिकेट में नए हैं, लेकिन उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू सीरीज में जो झलक दिखाई, उसने उन्हें एक संभावनाशील खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है. पांच अंतरराष्ट्रीय मैचों में 83 रन भले ही बड़े आंकड़े न हों, लेकिन उनकी ऑलराउंड क्षमता सीएसके के लिए संतुलन ला सकती है.
नए चेहरों पर दांव
यही नहीं, टीम ने घरेलू स्तर पर भी बदलाव करते हुए चोटिल रामकृष्ण घोष की जगह कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को मौका दिया है. यह कदम साफ दिखाता है कि सीएसके सिर्फ बड़े नामों पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि युवा और घरेलू प्रतिभाओं को भी मंच देने के लिए तैयार है.
चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती लिस्ट
लेकिन सीएसके की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं. इस बार टीम अपने सबसे बड़े स्तंभ और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बिना मैदान में उतरी है. धोनी की गैरमौजूदगी न सिर्फ टीम के अनुभव को प्रभावित करती है, बल्कि ड्रेसिंग रूम की स्थिरता पर भी असर डालती है. इसके अलावा, टॉप ऑर्डर बल्लेबाज आयुष म्हात्रे और तेज गेंदबाज खलील अहमद का चोट के कारण बाहर होना टीम के संतुलन को और बिगाड़ देता है.
कैसे लड़ेगी चेन्नई?
इन सभी चुनौतियों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर अपनी पहचान कभी हार न मानने वाली टीम को साबित करने की कोशिश कर रही है. नए खिलाड़ियों को मौका देना, रणनीति में बदलाव करना और हर परिस्थिति में लड़ने का जज्बा, यही सीएसके की असली ताकत रही है. अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या डियान फोरेस्टर और मैकनील नोरोन्हा जैसे नए चेहरे इस दबाव को संभाल पाते हैं और टीम को जीत की राह पर वापस ला पाते हैं क्योंकि आईपीएल में कहानी हर मैच के साथ बदलती है, और सीएसके जैसी टीम से हमेशा वापसी की उम्मीद की जाती है.
About the Author

मैं, राजीव मिश्रा, वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट की योजना, संपादकीय रणनीति और एंकरिंग की जिम्मेदारी निभाता हूँ. खेल पत्रका…और पढ़ें


