Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में जमकर रन बरसा रहे विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अचानक ही अलविदा कह दिया. फैंस अब तक इस बात को हजम नहीं कर पाए हैं. उनकी चाहत है कि वो इस फॉर्मेट में दोबारा खेले और संन्यास वापस लेकर 10 हजारी बने. उनके बचपन के कोच राजकुमार ने इस बारे में बात की.
क्या विराट संन्यास लेंगे वापस, फिर से खेलेंगे टेस्ट? बचपन के कोच ने दी जानकारी
नई दिल्ली. भारत के लिए 123 मैच खेलकर 9230 रन बनाने के बाद पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया. विराट ने भारत के लिए टेस्ट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में अपना करियर खत्म किया. जून 2011 से जनवरी 2025 तक खेलने के बाद अचानक पिछले साल विराट के टेस्ट से संन्यास लेने का फैसला फैंस के लिए चौंकाने वाला था. एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी फैंस चाहते हैं कि वह एक बार फिर भारत के लिए सफेद जर्सी में खेलें.
फैंस के लगातार विराट कोहली से संन्यास वापस लेकर टेस्ट क्रिकेट खेलने की मांग के बीच उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने बड़ा अपडेट दिया है. इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शर्मा ने बताया कि उन्होंने विराट से टेस्ट में वापसी को लेकर बात की है.
राजकुमार से पूछा गया कि क्या उन्होंने विराट से टेस्ट क्रिकेट में लौटने के लिए कहा है. उन्होंने जवाब दिया, “कई लोगों ने मुझसे कहा है कि विराट को टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए कहूं क्योंकि वह मेरी बात सुनता है. हम इस बारे में बात कर रहे हैं, देखते हैं आगे क्या होता है.”
कैसा है विराट का टेस्ट में रिकॉर्ड
विराट ने भारत के लिए जून 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. 14 साल के करियर में 123 मैच खेले. वह अपने समय के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रहे और 2014 से 2022 तक 60 टेस्ट में भारत की कप्तानी भी की. विराट टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे सफल कप्तान हैं. उनकी कप्तानी में भारत ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट सीरीज जीती थी. अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज में (नवंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह बल्ले से खास कमाल नहीं दिखा सके. नौ पारियों में कुल 190 रन ही बना पाए. इन 190 रनों में से 100 रन उन्होंने पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट की दूसरी पारी में बनाए थे.
आईपीएल 2026 में विराट का धमाल
इन दिनों विराट आईपीएल 2026 के सीजन में आरसीबी के लिए खेल रहे हैं. बेंगलुरु की टीम के लिए अब तक खेले गए 13 मैचों में उन्होंने रजत पाटीदार की कप्तानी में कुल 542 रन बनाए हैं. आरसीबी के पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ विराट ने 58 रन बनाए थे और उससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद शतक जड़ा था.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


