Last Updated:
Sitapur News: यूपी के सीतापुर में एक युवक पुलिस के खिलाफ ही शिकायत लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और जान देने की बात कहने लगा, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक का गुस्सा शांत कराकर उसे नीचे उतारा.
पानी की टंकी पर चढ़ा युवक,
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया. महमूदाबाद के यूनाइटेड स्कूल स्थित पानी की टंकी पर एक युवक चढ़ गया. युवक ने रामपुर मथुरा पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. सूचना पाकर सीओ प्रभारी निरीक्षक सहित तहसीलदार मौके पर पहुंच गए. इतना ही नहीं, युवक को पानी की टंकी पर चढ़ा हुआ देख लोगों की भी भीड़ इकट्ठा हो गई.
अधिकारियों ने युवक से बात करके उसे नीचे आने को कहा, लेकिन युवक पानी की टंकी से नीचे उतरने का नाम नहीं ले रहा था. युवक का यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब एक घंटा तक चला. इसके बाद सीओ सहित तहसीलदार ने उसे न्याय दिलाने का आश्वासन दिलाया, जिसके बाद युवक पानी की टंकी से नीचे उतर आया. युवक रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
नाना के घर में रह रहा था युवक
बता दें कि यह पूरा मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है. रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले मेराज ने अधिकारियों को बताया कि हम पांच-पांच पीढ़ियों से सहरी की जमीन पर रह रहे हैं. 2007 में हमारे पिता को कुछ लोगों ने मारा-पीटा था, जिसमें पिता को चोटें आईं. दो माह बाद पिता की मृत्यु हो गई. तब से हम अपने नाना की जगह पर रह रहे हैं. नाना के सिवाय हमारा कोई नहीं था, तब से हम उस जगह पर रह रहे हैं.
विपक्षियों ने की पिटाई, जानवर उठाकर ले गए
मेराज का कहना है कि विपक्षी लोग घर के बाहर अपने जानवर बांध देते हैं, जिसकी शिकायत हमने तहसील समाधान दिवस में की. लेखपाल, चौकी इंचार्ज सभी ने जाकर जानवर हटवा दिया, लेकिन उसी रात गांव के ही रहने वाले अब्दुल रज्जाक ने हमें मारा और हमारी भैंस खोलकर ले गए, हमारा हैंडपंप खोलकर ले गए. साथ ही नल और शौचालय तोड़ दिया. मामले को लेकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, तो पुलिस ने उसके परिवार वालों के ही खिलाफ कार्रवाई कर दी, जिससे आहत और परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने के लिए वह टंकी पर चढ़ गया था.
घरवालों के खिलाफ ना हो मुकदमा
मेराज का कहना है कि हम बस ये चाहते हैं कि हमारे घर वालों के खिलाफ जो मुकदमा किया है, वो वापस ले लिया जाए और सब खत्म कर दें. मेराज की बात सुनकर सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उसके खिलाफ कोई मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है. केवल शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है, जिसे खत्म करवा दिया जायेगा.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


