Last Updated:
Team India’s Likely Squad For One-Off Test Against Afghanistan: भारतीय मेंस क्रिकेट टीम जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की घरेलू सीरीज से अपने नए सीजन की शुरुआत करेगी.19 मई को अजीत अगरकर की अगुवाई में होने वाली चयन समिति की बैठक में सीनियर खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी. इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह की वनडे प्रारूप में वापसी हो सकती है, जबकि रणजी ट्रॉफी के स्टार गेंदबाज ऑकिब नबी को पहली बार टेस्ट टीम में मौका मिल सकता है.
भारतीय मेंस क्रिकेट टीम अपने 2026-27 के नए सीजन का आगाज घरेलू सरजमीं पर अफगानिस्तान के खिलाफ करेगी. इस दौरे की शुरुआत 6 जून से होगी, जहां दोनों टीमें सबसे पहले एक इकलौता टेस्ट मैच खेलेंगी. यह टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक मुल्लानपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. वनडे सीरीज के मुकाबले क्रमश: 14 जून को धर्मशाला, 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में आयोजित किए जाएंगे.

अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सीनियर पुरुष चयन समिति मंगलवार यानी 19 मई को एक अहम बैठक करने जा रही है. इस बैठक में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट और वनडे दोनों कप्तानों और टीमों का चयन किया जाएगा. हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला यह एकमात्र टेस्ट मैच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के चक्र का हिस्सा नहीं है, इसके बावजूद चयनकर्ता इस लाल गेंद के फॉर्मेट में किसी भी तरह का बड़ा या गैर-जरूरी प्रयोग करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, चयनकर्ताओं का मुख्य ध्यान आने वाले समय में होने वाले श्रीलंका और न्यूजीलैंड के कड़े विदेशी दौरों पर है. यही वजह है कि पिछले एक साल से टेस्ट क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले और आजमाए हुए अनुभवी चेहरों को ही इस टेस्ट टीम में प्राथमिकता दी जाएगी. बोर्ड मैनेजमेंट चाहता है कि मुख्य खिलाड़ी आगामी बड़ी सीरीज से पहले पूरी तरह से लय में रहें और टीम का कोर कॉम्बिनेशन मजबूत बना रहे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खेलने को लेकर पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग खबरें आ रही थीं. पहले टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बुमराह को इस एकमात्र टेस्ट मैच से आराम दिया जा सकता है.लेकिन पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक, बुमराह इस पूरी दो हफ्ते की सीरीज से पूरी तरह बाहर नहीं होंगे. चूंकि टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, इसलिए बहुत संभव है कि उन्हें टेस्ट से आराम देकर सीधे तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने का मौका दिया जाए.

अगर जसप्रीत बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शामिल किया जाता है, तो यह खेल के इस प्रारूप में लंबे समय बाद उनकी वापसी होगी. बुमराह ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच 19 नवंबर 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जो कि वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल मुकाबला था। उसके बाद से उन्होंने मुख्य रूप से टेस्ट और टी20 फॉर्मेट पर ही ध्यान केंद्रित किया है.

यदि जसप्रीत बुमराह को टेस्ट मैच से आराम दिया जाता है, तो भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों में होगी. इस समय आकाश दीप और हर्षित राणा जैसे गेंदबाज टीम में उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में जम्मू-कश्मीर के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है.हालांकि, अगर बुमराह टेस्ट खेलने का फैसला करते हैं, तो नबी को अपनी बारी के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि भारतीय पिचों पर आमतौर पर तीन से ज्यादा फ्रंटलाइन तेज गेंदबाजों को जगह नहीं मिलती.

आकिब नबी को भारतीय टीम के दरवाजे तक पहुंचाने में उनके हालिया घरेलू प्रदर्शन का सबसे बड़ा हाथ है. उन्होंने इस साल की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर को उसकी पहली रणजी ट्रॉफी चैंपियन ट्रॉफी जिताने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. ऑकिब नबी पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे, जिसके इनाम के रूप में अब उन्हें राष्ट्रीय टीम के लिए बुलावा आ सकता है.

भारतीय पिचों पर हमेशा से स्पिनरों का दबदबा रहता है, इसलिए रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर का चयन लगभग तय माना जा रहा है. हालांकि, इन तीनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में बहुत ज्यादा प्रभावी नहीं रहा था. वहीं दूसरी तरफ, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चुनी गई पिछली टेस्ट टीम का हिस्सा रहे अक्षर पटेल की जगह पर इस बार खतरा मंडरा रहा है. राजस्थान के युवा और उभरते हुए स्पिनर मानव सुथार घरेलू क्रिकेट में अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर अक्षर पटेल को कड़ी टक्कर दे रहे हैं.

टेस्ट टीम में विकेटकीपर की भूमिका के लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल चयनकर्ताओं की पहली और स्वाभाविक पसंद बने हुए हैं. वहीं बल्लेबाजी क्रम की बात करें तो नंबर 3 के स्थान को लेकर टीम प्रबंधन में काफी चर्चाएं हैं. पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के हाथों करारी शिकस्त झेलने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे देवदत्त पडिक्कल को इस बार साई सुदर्शन की जगह नंबर 3 पर आजमाया जा सकता है. इसके अलावा तमिलनाडु के लिए घरेलू क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले वाशिंगटन सुंदर और एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर ध्रुव जुरेल भी इस स्थान के मजबूत विकल्प हैं.

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इस एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारत की 15 सदस्यीय संभावित टीम कुछ इस प्रकार हो सकती है:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, ऑकिब नबी डार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, देवदत्त पडिक्कल और हर्ष दुबे.


