Last Updated:
ruturaj Gaikwad statement: गुजरात टाइटंस से मिली 89 रनों की करारी शिकस्त के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने अपनी रणनीति का खुलासा किया. गायकवाड़ ने कहा कि टीम नॉकआउट की रेस में बने रहने और नेट रन रेट सुधारने के लिए 230 रनों का लक्ष्य जल्द से जल्द हासिल करना चाहती थी, लेकिन यह बड़ा जोखिम भारी पड़ गया. उन्होंने खराब पावरप्ले बॉलिंग और खिलाड़ियों की चोटों (घोष और ओवरटन के बाहर होने) को भी टीम के खराब संतुलन और हार की मुख्य वजह बताया.
रुतुराज गायकवाड़ ने हार के बाद कही ये बात.
नई दिल्ली. चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रन की शिकस्त के बाद कहा कि उनकी टीम नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखने के लिए जल्द से जल्द लक्ष्य हासिल करना चाहती थी. लेकिन ऐसा करने में नाकाम रही. टाइटंस के 230 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपरकिंग्स की टीम मोहम्मद सिराज (26 रन पर तीन विकेट), राशिद खान (18 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (32 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 13.4 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई.
गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन (84 रन, 53 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और कप्तान शुभमन गिल (64 रन, 37 गेंद, सात चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 229 रन बनाए. सुदर्शन ने जोस बटलर (नाबाद 57 रन, 27 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 82 रन की साझेदारी की. गायकवाड़ ने मैच के बाद कहा, ‘हम लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल करना चाहते थे. जब आप 230 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं तो उस गेंदबाजी आक्रमण के सामने यह आसान नहीं होता. हमने एक बड़ा जोखिम लिया इसका श्रेय उन्हें जाता है.’
रुतुराज गायकवाड़ ने हार के बाद कही ये बात.
इस जीत से टाइटंस के 14 मैच में 18 अंक हो गए हैं और टीम दूसरे स्थान पर है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भी 13 मैच में 18 अंक हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण वह शीर्ष पर है. इस हार के साथ सुपरकिंग्स की नॉकआउट में जगह बनाने की रही सही उम्मीद भी खत्म हो गई. टीम 14 मैच में 12 अंक के साथ सातवें स्थान पर है. बकौत रुतुराज, ‘शुरुआत में विकेट थोड़ा नरम था, उन्होंने अच्छी शुरुआत की। पावरप्ले में हमारी गेंदबाजी अच्छी नहीं थी. उनके सलामी बल्लेबाजों को रोकना मुश्किल था. हमारे पास उन्हें 200 रन से कम पर रोकने का मौका था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए.’ गायकवाड़ ने कहा कि खराब शुरुआत के बाद उनकी टीम ने लय हासिल की लेकिन खिलाड़ियों की चोटों ने उनकी परेशानी बढ़ा दी.
उन्होंने कहा, ‘यह एक मुश्किल सत्र रहा. लगातार तीन हार के बाद हमें लय मिली. हमने सही जगहों पर गेंदबाजी की लेकिन चोटों ने हमें परेशान किया. घोष और ओवरटन के बाहर होने से हमारी टीम का संतुलन बिगड़ गया. पिछले तीन मैच में हमारे पास एक बल्लेबाज या गेंदबाजी की कमी थी. लक्ष्य का पीछा करने उतरे सुपरकिंग्स ने तीसरे ओवर में 29 रन तक ही अपने दोनों सबसे सफल बल्लेबाजों संजू सैमसन (00) और कप्तान रुतुराज गायवाड़ (16) के अलावा उर्विल पटेल (00) का विकेट भी गंवा दिया. सिराज ने मैच की पहली ही गेंद पर सैमसन को विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया और फिर अपने अगले ओवर में गायकवाड़ को बोल्ड किया. उर्विल भी सिराज की गेंद को हवा में खेलकर डीप स्क्वायर लेग पर प्रसिद्ध कृष्णा को कैच दे बैठे. सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट भी 14 गेंद में 24 रन बनाने के बाद कागिसो रबाडा की गेंद पर मिड ऑन पर कृष्णा के हाथों लपके गए. सुपरकिंग्स ने पावर प्ले में चार विकेट पर 58 रन बनाए.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


