Last Updated:
Quinton de Kock Smashes Hundred:क्विंटन डीकॉक ने मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार शतक जड़ा. उन्होंने 53 गेंदों पर आईपीएल में अपनी तीसरी सेंचुरी पूरी की. उन्होंने इस दौरान सात चौके और सात छक्के जड़े. डीकॉक आईपीएल में तीन टीमों के लिए सेंचुरी जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले संजू सैमसन और केएल राहुल आईपीएल में तीन फ्रेंचाइजी के लिए यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
क्विंटन डीकॉक ने मुंबई इंडियंस के लिए शानदार शतक जड़ा.
नई दिल्ली. वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में क्विंटन डी कॉक का बल्ला आग उगल रहा था. उन्होंने पंजाब के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक जड़ दिया. डी कॉक ने मात्र 53 गेंदों पर शतकीय पारी खेली. जो मुंबई इंडियंस के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ किसी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया दूसरा शतक है. इससे पहले साल 2014 में लेंडल सिमंस ने मोहाली में पंजाब के खिलाफ नाबाद 100 रनों की पारी खेली थी. डी कॉक के शतकों का सफर साल 2016 में बेंगलुरु के मैदान पर शुरू हुआ था, जब उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ 51 गेंदों में 108 रन बनाए थे. इसके बाद 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने केकेआर के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में नाबाद 140 रनों की अविस्मरणीय पारी खेली थी. आज के इस शतक के साथ डी कॉक ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं.
उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुश्किल समय में मुंबई इंडियंस के लिए संकटमोचक का काम किया. जेवियर बार्टलेट की गेंद पर डीकॉक ने चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया. इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने बड़ा बदलाव करते हुए चोटिल रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की जगह क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) को प्लेइंग XI में शामिल किया. डी कॉक ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका. जब रयान रिकलटन और सूर्यकुमार यादव के जल्दी आउट होने के बाद टीम दबाव में थी, तब डी कॉक ने जवाबी हमला शुरू किया. उन्होंने तूफानी पारी खेलकर मुंबई को मैच में वापस ला खड़ा किया.
क्विंटन डीकॉक ने मुंबई इंडियंस के लिए शानदार शतक जड़ा.
3000 रनों का ऐतिहासिक कीर्तिमान
पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मैच में डी कॉक ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो अब तक कोई विदेशी विकेटकीपर-बल्लेबाज नहीं कर पाया थाण् वह आईपीएल इतिहास में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज 3000 रन पूरे करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं. उन्हें इस उपलब्धि के लिए 24 रनों की दरकार थी. पारी के 7वें ओवर में उन्होंने यह जादुई आंकड़ा पार किया.
महेन्द्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर
आईपीएल इतिहास में विकेटकीपर-बल्लेबाजों की बात हो तो महेन्द्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर स्वर्ण अक्षरों में आता है. वह दुनिया के इकलौते ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्होंने बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज इस लीग में 5000 से अधिक रन बनाए हैं. 19 अप्रैल 2008 को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने सफर की शुरुआत करने वाले 44 वर्षीय धोनी ने अब तक 272 मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए यह अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है. यह रिकॉर्ड न केवल उनकी लंबी उम्र और फिटनेस को दर्शाता है, बल्कि इस बात की भी पुष्टि करता है कि स्टंप्स के पीछे और बल्ले के साथ उनका प्रभाव आज भी बेजोड़ है.
डी कॉक ने संजू सैमसन और राहुल के क्लब में मारी एंट्री
क्विंटन डी कॉक ने मुंबई इंडियंस के लिए शतक जड़कर एक दुर्लभ कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. वह अब केएल राहुल और संजू सैमसन के बाद आईपीएल इतिहास के मात्र तीसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए शतक लगाए हैं. डी कॉक ने इससे पहले दिल्ली और लखनऊ के लिए खेलते हुए भी शतकीय पारियां खेली थीं. मुंबई के लिए आज का यह शतक उनके कौशल और निरंतरता का प्रमाण है, जिसने उन्हें आईपीएल दिग्गजों की खास सूची में शामिल कर दिया है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


