Last Updated:
Virender Sehwag Unique Record: पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के नाम यह अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने बल्लेबाजी से तो दुनियाभर के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी ही, साथ ही गेंदबाजी में भी कुछ कमाल के स्पेल फेंके. टेस्ट में उनके नाम एक 5 विकेट हॉल दर्ज है. वहीं, बैटिंग करते हुए सहवाग ने दो तिहरे शतक जमाए हैं. वह दुनिया में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा ट्रिपल सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं.
वीरेंद्र सहवाग के नाम तिहरा शतक और 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट इतिहास में रिकॉर्ड्स तो बहुत बने, लेकिन एक रिकॉर्ड ऐसा है जिसे आज तक कोई दूसरा भारतीय खिलाड़ी छू भी नहीं सका. एक तरफ टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी यानी तिहरा शतक और दूसरी तरफ एक ही पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा. हम बात कर रहे हैं उस निडर ओपनर की, जिसके खेलने के अंदाज ने टेस्ट क्रिकेट की परिभाषा बदल दी और जिसने दिगज खिलाड़ियों को भी अपने बल्ले और गेंद दोनों से घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. नाम है- वीरेंद्र सहवाग. दुनिया में ऐसे चुनिंदा क्रिकेटर्स हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में तिहरा शतक और 5 विकेट हॉल का कारनामा किया है, जिसमें वीरेंद्र सहवाग का भी नाम दर्ज है.
हालांकि, भारत के लिए टेस्ट में तिहरा शतक करुण नायर ने भी लगाया है, लेकिन सहवाग का रिकॉर्ड इसलिए अनोखा है क्योंकि उन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी अपना लोहा मनवाया. सहवाग सिर्फ अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी के लिए के लिए भी जाने जाते थे. सहवाग भारत के पहले खिलाड़ी थे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ा. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका (319 रन) और पाकिस्तान (309 रन) के खिलाफ दो बार यह कारनामा किया.
वीरेंद्र सहवाग के नाम तिहरा शतक और 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड.
यह बहुत कम लोग जानते हैं कि सहवाग ने साल 2008 में दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट पारी में 104 रन देकर 5 विकेट झटके थे. उन्होंने मैथ्यू हेडन और रिकी पोंटिंग जैसे दिग्गजों को आउट किया था. उन्होंने गेंदबाजी करते हुए एक ही बार 5 विकेट हॉल का कमाल किया और अनोखा रिकॉर्ड भी बना दिया. वीरेंद्र सहवाग के नाम टेस्ट क्रिकेट में 40 विकेट दर्ज हैं. वहीं, वनडे फॉर्मेट में भी उन्होंने गेंद से भारतीय टीम को कई मुकाबले में जिताने में अहम योगदान दिया. सहवाग ने 251 वनडे मैचों में 96 बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसाया.
सहवाग भारत के इकलौते ऐसे क्रिकेटर हैं, जिनके नाम टेस्ट में दो तिहरे शतक हैं. जब सहवाग क्रीज पर होते थे, तो दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज भी लाइन-लेंथ भूल जाते थे. उनकी निडर बल्लेबाजी के आगे बड़े-बड़े दिग्गज भी खौफ खाते थे. यही कारण है कि उन्हें क्रिकेट जगत का सबसे खतरनाक ओपनर माना जाता है. ओवरऑल क्रिकेट की बात करें तो क्रिस गेल अन्य नाम हैं, जिन्होंने तिहरा शतक और 5 विकेट हॉल का करिश्मा किया है. गेल के नाम दो तिहरे शतक दर्ज हैं. वहीं, टेस्ट में दो बार वह 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं. वनडे में भी उनके नाम 5 विकेट हॉल है.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


