Last Updated:
David Miller Statement: आरसीबी पर मिली इस रोमांचक जीत ने दिल्ली कैपिटल्स के अंक तालिका में न केवल सुधार किया है, बल्कि टीम के आत्मविश्वास को भी सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. डेविड मिलर की फॉर्म में वापसी दिल्ली के लिए आने वाले मैचों में एक बड़ा ‘प्लस पॉइंट’ साबित होगी. वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स का लगातार अच्छा प्रदर्शन टीम के मध्यक्रम को मजबूती दे रहा है. बेंगलुरु के लिए यह हार एक बड़ा सबक है कि आखिरी ओवरों में छोटी सी चूक भी मैच छीन सकती है.
डेविड मिलर ने लगातार दो छक्के और एक चौका जड़कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई.
नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी के खिलाफ वह कर दिखाया जिसकी उम्मीद उनके प्रशंसक कर रहे थे. दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक ऐसी जीत दर्ज की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. जीत के असली हीरो रहे अनुभवी फिनिशर डेविड मिलर, जिन्होंने न सिर्फ मैच जिताया बल्कि अपनी हालिया आलोचनाओं का मुंहतोड़ जवाब भी दिया. मिलर के लिए यह मैच सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत प्रायश्चित भी था. पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मिलर दिल्ली को जीत दिलाने में नाकाम रहे थे. उस वक्त दिल्ली को आखिरी दो गेंदों पर महज दो रनों की दरकार थी, लेकिन मिलर चूक गए थे. उस हार के बाद उनकी काफी आलोचना हुई थी.
लेकिन शनिवार को बेंगलुरु के खिलाफ कहानी अलग थी. जब दिल्ली को आखिरी ओवर में बड़े शॉट्स की जरूरत थी, तब डेविड मिलर ने अपना ‘किलर’ अवतार दिखाया. उन्होंने रोमारियो शेफर्ड के ओवर में दो गगनचुंबी छक्के जड़कर एक गेंद शेष रहते दिल्ली को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. जीत के बाद मिलर ने राहत की सांस लेते हुए कहा, ‘सच कहूं तो बहुत अच्छा लग रहा है. पिछला मैच मेरे लिए काफी निराशाजनक था. जब तक आप कोई दूसरा मैच जीतकर खुद को साबित नहीं कर देते, तब तक पिछली नाकामी आपके दिमाग में कहीं न कहीं बनी रहती है.’
डेविड मिलर ने लगातार दो छक्के और एक चौका जड़कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई.
मिलर ने आगे शेफर्ड की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके लिए खुलकर खेलना आसान नहीं था. मिलर के मुताबिक, ‘उन्होंने (शेफर्ड) मेरे लिए लगातार छह यॉर्कर गेंदें फेंकीं, जिससे मुझे शॉट मारने का मौका नहीं मिल रहा था. लेकिन मुझे खुशी है कि आखिरी ओवर में मैं दबाव को सोखने और टीम को जीत दिलाने में सफल रहा.’
भले ही मिलर ने फिनिशिंग टच दिया, लेकिन दिल्ली की इस जीत की नींव ट्रिस्टन स्टब्स ने रखी थी. स्टब्स को उनकी शानदार 60 रनों की पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. स्टब्स की पारी इसलिए भी खास थी क्योंकि वह तब क्रीज पर आए थे जब टीम को एक ठोस साझेदारी की जरूरत थी.
अपनी पारी के बारे में बात करते हुए स्टब्स ने कहा, ‘मैदान पर उतरने से पहले मैं चेंजिंग रूम में पूरी तरह तैयार भी नहीं था. मैंने बस इतना सोचा कि गेंद की मेरिट पर खेलूंगा. मैं जल्दी क्रीज पर आ गया था, इसलिए पावरप्ले के आखिरी दो ओवरों में मैंने रिस्क लेने और बड़े शॉट्स खेलने का फैसला किया.’ स्टब्स की इस निडर बल्लेबाजी ने ही दिल्ली को मैच में बनाए रखा.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


