Last Updated:
PAK vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ सिलहट में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. स्टंप्स तक बांग्लादेश ने 156 रन की बढ़त बना ली. पहली पारी में 278 रन बनाने के बाद बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 232 रन पर समेटकर अहम लीड हासिल की थी. तीसरे दिन बांग्लादेश की कोशिश बढ़त को 300 रन तक ले जाने की होगी, जिसके बाद पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला जीतने काफी मुश्किल हो जाएगा.
बांग्लादेश ने बनाई 156 रन की बढ़त.
नई दिल्ली. पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच सिलहट में खेला जा रहा है. इसके दूसरे दिन बांग्लादेश ने गेंदबाजों के जबरदस्त प्रदर्शन से मैच में अपनी पकड़ बना ली है. स्टंप्स तक बांग्लादेश की टीम काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है. अपनी दूसरी पारी खेलते हुए बांग्लादेश ने स्टंप्स तक 110/3 रन बना लिए, जिससे उसकी बढ़त 156 रन की हो गई है. बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत काफी आक्रामक अंदाज में की, जहां महमूदुल हसन जॉय ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले. हालांकि, जॉय अपनी हाफ सेंचुरी पूरी करने के बाद आउट हो गए. दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले मोमिनुल हक का विकेट लेकर पाकिस्तान ने थोड़ी राहत की सांस ली.
पाक बल्लेबाजों का सरेंडर
पाकिस्तान के लिए बल्लेबाजी में दिन बेहद खराब रहा. उनकी पूरी टीम बांग्लादेश के स्कोर से 46 रन पीछे रह गई, जिससे मेजबान बांग्लादेश को पहली पारी में एक अच्छी लीड मिल गई. पाकिस्तान की तरफ से केवल बाबर आजम ने थोड़ी लड़ाई दिखाई और अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की, लेकिन बाकी के बल्लेबाज बिना ज्यादा संघर्ष किए एक के बाद एक पवेलियन लौट गए. आखिरी में साजिद खान ने जरूर थोड़े हाथ खोले, लेकिन उनकी 38 रनों की पारी भी टीम के ज्यादा काम न आ सकी. पिच से अभी भी गेंदबाजों को मदद मिल रही है, हालांकि यह पहले दिन जितनी खतरनाक नहीं है. तीसरे दिन बांग्लादेश की कोशिश पाकिस्तान के सामने 300 से ज्यादा रनों का लक्ष्य रखने की होगी, जिसके बाद पाकिस्तान के लिए इस मैच को बचाना या टारगेट का पीछा करना एक बहुत बड़ी चुनौती होगी.
बाबर के अलावा नहीं चला कोई
पाकिस्तान ने दूसरे दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 21 रन से की थी. अब्दुल्लाह फजल ने 8 और अजान अवैस ने 13 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई. पाकिस्तान को पहला झटका 22 के स्कोर पर लगा, जब अब्दुल्लाह 9 रन बनाकर तस्कीन अहमद की गेंद पर मोमिनुल को कैच दे बैठे. इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा. कप्तान शान मसूद 21 और सलमान आगा 21 रन बनाकर आउट हुए. दोनों बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए. पाकिस्तान की तरफ से पूर्व कप्तान बाबर आजम एकमात्र बल्लेबाज रहे, जो बांग्लादेश के गेंदबाजों का सामना कर सके. बाबर ने अपनी फॉर्म यहां भी बरकरार रखी और 84 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली. नौवें नंबर पर आए साजिद खान 38 रन बनाकर दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे. बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने 2-2, जबकि नाहिद राणा और ताइजुल इस्लाम ने 3-3 विकेट लिए.
महमूदुल का अर्धशतक
बांग्लादेश के लिए दूसरी पारी में महमूदुल हसन ने 52 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल रहे. उन्होंने मोमिनुल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 76 रन की महत्वपूर्ण पार्टनरशिप भी की. हालांकि, दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले मोमिनुल आउट हो गए. उन्होंने 30 रन बनाए. पाकिस्तान के लिए अब तक इस पारी में खुर्रम शहजाद दो और मोहम्मद अब्बास एक विकेट चटका चुके हैं. पाकिस्तान को सीरीज बराबर करनी है तो उसे तीसरे दिन बांग्लादेश को कम से कम स्कोर पर रोकना होगा. पहले टेस्ट मैच बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से करारी शिकस्त दी थी.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


