19.9 C
Munich

धुएं ने बिगाड़ा खेल! विंध्याचल में भक्तों पर टूटा मधुमक्खियों का कहर, बाल-बाल बची जान

Must read


Last Updated:

Mirzapur News: मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार का दिन आफत बनकर आया. रायबरेली से आए करीब 25 श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने उस वक्त अचानक हमला कर दिया, जब वे पीपल के पेड़ के नीचे खाना बना रहे थे. चूल्हे के धुएं से भड़कीं हजारों मधुमक्खियों ने लोगों को बुरी तरह काट लिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने आग और धुएं की मदद से मुश्किल से एक बुजुर्ग महिला समेत अन्य श्रद्धालुओं की जान बचाई. फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Zoom

मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया (इमेज-AI)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मशहूर विंध्याचल धाम में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. यहां मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के एक दल पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया. इस हमले में रायबरेली से आए करीब 25 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं. हालत इतनी खराब थी कि मधुमक्खियों के काटने से कुछ लोग मौके पर ही बेहोश हो गए, जिसके बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई.

बताया जा रहा है कि रायबरेली जिले से श्रद्धालुओं का एक जत्था ट्रक में सवार होकर विंध्याचल पहुंचा था. दर्शन-पूजन करने के बाद ये सभी लोग अटल चौक के पास रुके थे. वहां सड़क किनारे एक बड़ा सा पीपल का पेड़ था, जिसकी छांव में बैठकर सभी श्रद्धालु चूल्हा जलाकर खाना बनाने की तैयारी करने लगे. श्रद्धालुओं को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस पेड़ के नीचे वे आराम कर रहे हैं, उसी पर मधुमक्खियों का एक बड़ा सा छत्ता लगा हुआ है.

धुएं से भड़क उठीं मधुमक्खियां
मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही श्रद्धालुओं ने खाना बनाने के लिए आग जलाई, तो उसका धुआं सीधे पेड़ पर लगे छत्ते तक पहुंच गया. धुएं की वजह से मधुमक्खियां भड़क गईं और देखते ही देखते हजारों मधुमक्खियों ने नीचे बैठे लोगों पर धावा बोल दिया. अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोगों में जान बचाने की होड़ मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया था.

बुजुर्ग महिला पर भी बोला हमला
हमला इतना खतरनाक था कि कई लोग जमीन पर गिर पड़े. इस दौरान एक बुजुर्ग महिला को मधुमक्खियों ने पूरी तरह घेर लिया. जिन्हें बचाने के लिए वहां मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए सूखी लकड़ियों व घास में आग जलाकर धुआं किया. जब धुएं का असर हुआ, तब कहीं जाकर मधुमक्खियां वहां से हटीं और महिला की जान बच पाई.

अस्पताल में भर्ती हैं घायल श्रद्धालु
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायल श्रद्धालु दुर्गेश यादव ने बताया कि वह करीब 25 लोग थे और जैसे ही उन्होंने खाना बनाने की तैयारी शुरू की, अचानक मधुमक्खियों का हमला हो गया. लगभग हर किसी को मधुमक्खियों ने काटा है. वहीं अनारकली नाम की एक अन्य महिला श्रद्धालु ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. फिलहाल डॉक्टरों की टीम घायलों की देखभाल कर रही है.

About the Author

authorimg

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article