Last Updated:
Kanpur News: कानपुर में एक स्कूल को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासत जोरों पर है. सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने एक अजीब सा संकल्प लिया है. उन्होंने कहा है कि जब तक स्कूल का निर्माण नहीं हो जाता तब तक वे ना ही कुर्ता पहनेंगे और ना ही जूता-चप्पल.
कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का अजीब संकल्प
कानपुर. यूपी के कानपुर में एक स्कूल निर्माण को लेकर जमकर राजनीति हो रही है. सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने मीडिया और कार्यकर्ताओं के सामने कुर्ता और जूता-चप्पल नहीं पहनने का संकल्प लिया. इसके बाद कुर्ता उतार कर फेंक दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं संकल्प लेता हूं कि जब तक स्कूल नहीं बनेगा मैं कुर्ता और जूता-चप्पल नहीं पहनूंगा. अमिताभ बाजपेई ने डमरू बजाया और कहा कि बच्चों का सपना अधूरा है. बाबा भोलेनाथ पूरा करेंगे. इसके बाद पुलिस ने सपा विधायक को हाउस अरेस्ट कर लिया. इनसब के बीच जमकर हाई वोल्टेज हंगामा चलता रहा.
कानपुर आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के संकल्प पर बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह ड्रामेबाज विधायक है. यह बिना पानी के स्विमिंग पूल में तैरते हैं. उनका कहना था कि स्कूल की बिल्डिंग तोड़ने के टेंडर में भ्रष्टाचार का विरोध किया गया है. परमट इलाके के प्राथमिक विद्यालय को लेकर सपा विधायक और बीजेपी नेता आमने सामने हैं. विधायक स्कूल में तीन कमरे बनवाना चाहते हैं. इसका बीजेपी नेता विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि स्कूल में स्मार्ट क्लास हम बनवाएंगे. सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने वीडियो जारी कर स्कूल में शिलान्यास करने का ऐलान किया था. इसके बाद पुलिसने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया. अमिताभ बाजपेई जैसे ही स्कूल जाने के लिए निकले तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद विधायक भड़क गए और घर में ही शिलान्यास पूजा शुरू कर दी.
क्या है विवाद?
दरअसल, परमट का प्राथमिक विद्यालय सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की विधानसभा क्षेत्र में आता है. विधायक विद्यालय में तीन कमरे बनवाना चाहते हैं. वहीं, बीजेपी नेता इसका विरोध कर रहे हैं. विधायक अमिताभ बाजपेई का कहना है कि उनके पास एनओसी और वर्क आर्डर है. वहीं, बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी का कहना है कि उनके पास स्मार्ट क्लास और स्कूल की बाउंड्री कराने की एनओसी है. 14 मई को इसका शिलान्यास सांसद की ओर से किया जाना था.
हाउस अरेस्ट किए गए विधायक
हालांकि, 13 मई को सपा विधायक अमिताभ बाजपेई स्कूल पहुंचे. इसके बाद बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी और सपा विधायक के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी शुरू हो गई थी. इस दौरान बीजेपी पार्षद ने सपा विधायक को चप्पल दिखाई थी. इससे आहत होकर अमिताभ बाजपेई विद्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे. हंगामा बढ़ता देख पुलिस सपा विधायक को डीसीपी सेन्ट्रल कार्यालय ले गई थी. लेकिन मामला यहां पर भी थम नहीं फिर सपा विधायक ने वीडियो जारी कर विद्यालय का शिलान्यास करने की बात कही. इसके बाद तीन थानों की फोर्स विधायक के आवास पर पहुंची. उन्होंने चारों तरफ से बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया. अब सपा विधायक बनियान और पेट में नंगे पैर घूम रहे हैं. उनका कहना है कि कपड़े तभी पहनेंगे, जब स्कूल का काम शुरू हो जाएगा.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें


