नोएडा में प्रदूषण को लेकर चौंकाने वाला खुलासा, डॉक्टर बोलीं- रोज 10 सिगरेट पीने जितना नुकसान

Date:


नोएडा: दीपावली के बाद नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है. कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 से 600 के पार दर्ज किया जा रहा है. इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है. अस्पतालों की ओपीडी में खांसी, जुकाम और एलर्जी के मरीज बढ़ रहे हैं.

डॉक्टर मीरा पाठक की माने तो प्रदूषित हवा में मौजूद केमिकल और जहरीले कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर खून में मिल सकते हैं. इससे शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता यानी इम्युनिटी कमजोर हो जाती है. इसके कारण बैक्टीरियल और वायरल संक्रमण के मामले भी बढ़ रहे हैं. पहले से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे लोगों का बीपी भी अनियंत्रित होने लगा है. साथ ही अस्थमा के मरीजों ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है.

इन लक्षणों के मरीज सबसे ज्यादा
डॉक्टर मीरा पाठक ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि प्रदूषण का असर बच्चों और महिलाओं की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है. बच्चों में आंखें लाल होना, खुजली और आंखों में सूखापन जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं. महिलाओं में सिरदर्द, मूड स्विंग्स, चिड़चिड़ापन, बेचैनी, घबराहट, उल्टी और जी मिचलाने की समस्याएं सामने आ रही हैं.

कई ऐसे लोग भी एलर्जी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, जिन्हें पहले कभी एलर्जी की समस्या नहीं थी. इनमें बार-बार छींक आना, नाक बहना, गले में खराश, गले में जकड़न और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण हैं. डॉक्टर ने बताया कि प्रदूषण का असर कुछ दिनों तक नहीं रहता, बल्कि इससे भविष्य में दिल और फेफड़ों की बीमारियों के साथ अस्थमा और दूसरी एलर्जी होने का खतरा बढ़ सकता है.

महिलाओं के अंदर ये बदलाव
डॉक्टर मीरा पाठक ने बताया कि प्रदूषण का लंबे समय तक असर छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए भी गंभीर हो सकता है. पांच साल से कम उम्र के बच्चों के विकास पर इसका असर पड़ सकता है. वहीं गर्भवती महिलाओं में गर्भपात, समय से पहले डिलीवरी और गर्भ में बच्चे को परेशानी होने का खतरा बढ़ सकता है. महिलाओं में प्रदूषण के कारण हार्मोन का संतुलन भी प्रभावित होता है, जिससे पीरियड्स अनियमित होने और मूड स्विंग्स की शिकायतें बढ़ सकती हैं.

गर्भावस्था के शुरुआती तीन महीनों में कुछ महिलाओं को ब्लीडिंग, पेट दर्द और ऐंठन की परेशानी हो सकती है. इससे गर्भपात का खतरा बढ़ सकता है. गर्भावस्था के आखिरी तीन महीनों में कुछ महिलाओं को बच्चे की हलचल कम महसूस होने की शिकायत भी हो सकती है. गर्भ में बच्चे तक पहुंचने वाली ऑक्सीजन और खून की मात्रा प्रभावित हो सकती है.

इस समय तक बाहर निकलने से बचें
डॉक्टर ने बताया कि जब तक AQI 200 से नीचे नहीं आता, सामान्य लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए. वहीं बुजुर्गों, पांच साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों और अस्थमा, हाई बीपी, डायबिटीज या दूसरी एलर्जी से परेशान मरीजों को तब तक सावधानी रखनी चाहिए, जब तक AQI 100 से नीचे नहीं पहुंच जाता. लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए. जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो मास्क का इस्तेमाल करें. संभव हो तो धूप निकलने के बाद बाहर जाएं और धुंध या कोहरे के समय बाहर निकलने से बचें.

उन्होंने कहा कि घर में एयर प्यूरीफायर उपलब्ध है तो उसका इस्तेमाल करें. इसके अलावा मनी प्लांट, स्पाइडर प्लांट, बॉटल पाम और स्नेक प्लांट जैसे इनडोर पौधे रख सकते हैं. घर में सूखी झाड़ू लगाने के बजाय गीले पोछे का इस्तेमाल करें, ताकि धूल न उड़े. बाहर धूल उड़ने वाली जगहों पर न जायें.

सुबह के समय 600 के पार जा रहा AQI
डॉक्टर ने बताया कि इस समय घर में धूम्रपान से बचें और अगरबत्ती और धूपबत्ती का इस्तेमाल कम से कम करें. शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लें. खाने में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों वाले खाद्य पदार्थ शामिल करें. हल्दी वाला दूध, गुड़, टमाटर और नींबू पानी का खाने-पीने में शामिल करें.

डॉक्टर मीरा पाठक ने एक चौंकाने वाली बात बताते हुए कहा कि मौजूदा प्रदूषण के स्तर में सांस लेने से शरीर पर रोजाना करीब 10 सिगरेट पीने जितना प्रभाव पड़ सकता है. आपको बता दें कि नोएडा कई जगहों पर दीवाली के बाद लगातार सुबह के समय 600 से ऊपर AQI दर्ज किया जा रहा है.

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related