Last Updated:
Rae Bareli Rabid Dog News : गाय का दूध पीने वाले एक दर्जन लोगों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाया है. मामला रायबरेली के शिवगढ़ थाना इलाके के थरी गांव का है. प्रेम शंकर की गाय को सप्ताह भर पूर्व एक पागल कुत्ते ने काट लिया था. डॉक्टर को दिखाने के बाद घाव पर दवा लगा दी और उसका दूध पीते रहे. कुछ ही दिन में गाय में हाइड्रोफोबिया के लक्षण दिखने लगे. गाय पानी देख कर उग्र होने लगी. शाम होते-होते गाय ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया.
रायबरेली में पागल कुत्ते के काटने से गाय की मौत के बाद हाहाकार मच गया है. फोटो AI
रायबरेली (सौरभ वर्मा). यूपी के रायबरेली में एक पागल कुत्ते के काटने से गाय की मौत के बाद हाहाकार मच गया है. गाय की मौत के बाद उसका जिसने भी दूध पिया था, उसे रैबीज संक्रमण का डर सता रहा है. गाय का दूध पीने वाले एक दर्जन लोगों ने सीएचसी पहुंचकर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाया है. पूरा मामला शिवगढ़ थाना इलाके के थरी गांव का है. यहां के रहने वाले प्रेम शंकर की गाय को सप्ताह भर पूर्व एक पागल कुत्ते ने काट लिया था. परिवार के लोगों ने गाय को वेटरिनरी डॉक्टर को दिखाने के बाद घाव पर दवाएं लगा दीं और उसका दूध पीते रहे हैं. एक दिन पूर्व गाय में हाइड्रोफोबिया के लक्षण आ गए, जो रैबीज संक्रमण के बाद आते हैं. गाय पानी देख कर उग्र होने लगी. गाय के उग्र होने का वीडियो भी वायरल हुआ है. शाम होते-होते गाय ने दम तोड़ दिया. इससे उसका दूध जिन लोगों ने पिया था, उनमें हड़कंप मच गया. अगले दिन सीएचसी पहुंचे तो यहां डाक्टरों ने संभावित खतरों को देखते हुए एंटी रैबीज इंजेक्शन दे दिया. डाक्टरों का कहना है कि रैबीज संक्रमित गाय का दूध नहीं पीना चाहिए क्योंकि इससे दूध पीने वाला भी संक्रमित हो सकता है.
भागे-भागे पहुंचे अस्पताल
किसान प्रेम शंकर ने बताया कि बुधवार की सुबह जब गाय की तड़प-तड़पकर मौत हो गई तो पूरे परिवार के सदस्य डर गए. हम लोग तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचे. डॉक्टर को पूरी बात बताई तो डॉक्टरों ने हमारे पूरे परिवार के 12 सदस्यों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाया. डॉक्टर का कहना है कि टीकाकरण के बाद डरने की जरूरत नहीं है. टीकाकरण की पूरी डोज पूरे परिवार के सदस्यों को समय पर लगवा लेना. कई सदस्य अभी बाहर हैं, उनको भी सूचित कर दिया गया है कि वह भी एंटी रेबीज वैक्सीन लगवा लें.
डॉक्टरों की निगरानी में रहेगा परिवार
प्रेम शंकर के परिवार की महिला कुसुम लता ने बताया कि गाय की तड़प-तड़पकर मौत हो जाने से पूरा परिवार डर गया है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम शरण ने बताया कि थरी गांव के रहने वाले प्रेम शंकर की गाय को कुत्ते ने काट लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई. दुधारू गाय थी, जिसके दूध का सेवन पूरे परिवार ने किया था. आज वह अस्पताल आए थे. परिवार के सभी सदस्यों का टीकाकरण कर दिया गया है. उन्हें यह भी बता दिया गया है कि जब तक टीकाकरण की पूरी डोज नहीं लग जाती तब तक वह लोग अस्पताल के संपर्क में रहेंगे. डॉक्टरों की एक टीम पूरे परिवार की निगरानी करेगी.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें


