Last Updated:
who is Urvil Patel: आईपीएल 2026 में 13 गेंदों में सबसे तेज अर्धशतक जड़कर उर्विल पटेल ने इतिहास रच दिया है. यह रिकॉर्ड सिर्फ एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि एक पीटी टीचर पिता के उन अधूरे सपनों की जीत है, जिन्हें उर्विल ने अपनी मेहनत से हकीकत में बदला. गुजरात के मेहसाणा से निकलकर चेपॉक के मैदान पर कोहराम मचाने वाले उर्विल की इस आतिशी पारी के पीछे उनके माता-पिता के वर्षों का संघर्ष और अटूट बलिदान छिपा है. यह कहानी है एक नए सुपरस्टार के उदय की.
उर्विल पटेल के पिता एथलीट थे.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का 53वां मुकाबला क्रिकेट इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया. चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलते हुए एक ऐसे युवा बल्लेबाज ने तबाही मचाई, जिसने न केवल दिग्गज गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए, बल्कि आईपीएल के सबसे प्रतिष्ठित रिकॉर्ड्स में से एक की बराबरी कर ली. हम बात कर रहे हैं चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल की. उर्विल ने महज 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर यशस्वी जायसवाल के ‘ऑल टाइम’ रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. उनकी इस आतिशी पारी ने सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट गलियारों तक एक ही सवाल खड़ा कर दिया है आखिर कौन हैं उर्विल पटेल?
लखनऊ सुपर जॉयंट्स की ओर से रखे गए 204 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उर्विल पटेल (Urvil Patel) नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए.मैदान पर कदम रखते ही उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए थे. उर्विल ने 23 गेंदों में 65 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 गगनचुंबी छक्के और 2 शानदार चौके जड़े. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 282.61 का रहा. यह चेन्नई सुपर किंग्स के इतिहास की दूसरी सबसे विस्फोटक पारी है. इससे पहले साल 2014 में सुरेश रैना ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 25 गेंदों में 87 रन (348.00 स्ट्राइक रेट) बनाए थे. उर्विल की इस पारी ने यह साबित कर दिया कि उनमें बड़े मंच पर दबाव झेलने और गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने का गजब का हुनर है.
उर्विल पटेल के पिता एथलीट थे.
पिता का अधूरा सपना और मां की तपस्या
उर्विल पटेल की इस सफलता के पीछे संघर्ष और बलिदान की एक लंबी कहानी छिपी है. 17 अक्टूबर 1998 को गुजरात के मेहसाणा में जन्मे उर्विल के रगों में एथलेटिक्स दौड़ता है. उनके पिता, मुकेश पटेल, पेशे से एक फिजिकल ट्रेनिंग (PT) टीचर और पूर्व स्प्रिंटर (धावक) रहे हैं. मुकेश पटेल का खुद का एथलीट बनने का सपना कुछ कारणों से पूरा नहीं हो सका था, लेकिन उन्होंने तय किया था कि वह अपने बेटे को खेल की दुनिया का चमकता सितारा बनाएंगे. मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले उर्विल के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं. उनके करियर के लिए परिवार ने कई सुख-सुविधाओं का त्याग किया. उर्विल जब महज चार साल के थे, तभी से उनकी ट्रेनिंग शुरू हो गई थी. उनकी मां हर रोज सुबह सूरज उगने से पहले उठकर उनके लिए पौष्टिक भोजन तैयार करती थीं.इतना ही नहीं, जब त्योहारों पर लोग छुट्टियां मनाते थे, तब उर्विल का परिवार सामाजिक कार्यक्रमों को छोड़कर उन्हें अहमदाबाद ले जाता था, ताकि उन्हें क्रिकेट की बेहतर सुविधाएं और कोचिंग मिल सके.
घरेलू क्रिकेट में मचा चुके हैं ‘गदर’
उर्विल पटेल को सिर्फ आईपीएल का ‘वंडर’ कहना गलत होगा. वह घरेलू क्रिकेट में पहले ही अपनी धाक जमा चुके हैं. साल 2023 की विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने गुजरात की तरफ से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 41 गेंदों में शतक ठोक दिया था. यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लिस्ट-ए क्रिकेट में लगाया गया दूसरा सबसे तेज शतक था. वह युसूफ पठान के 40 गेंदों के रिकॉर्ड को तोड़ने से मात्र एक कदम दूर रह गए थे. इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा था. उनके पास गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने की जो प्राकृतिक शक्ति है, वही उन्हें आज के टी20 क्रिकेट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनाती है.
गुजरात की बेंच से चेन्नई के ‘स्टार’ बनने का सफर
उर्विल का आईपीएल सफर इतना आसान नहीं रहा.उन्हें सबसे पहले साल 2023 की नीलामी में गुजरात टाइटन्स ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. हालांकि, सितारों से सजी गुजरात की टीम में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बाद उन्हें रिलीज कर दिया गया. कहते हैं न कि ‘हीरे की परख जौहरी को ही होती है.’ चेन्नई सुपर किंग्स ने उर्विल की प्रतिभा को पहचाना और 2025 में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. धोनी की कप्तानी और सीएसके के शांत माहौल में उर्विल को वह भरोसा मिला, जिसकी उन्हें तलाश थी. 2025 में डेब्यू करने के बाद 2026 का यह सीजन उनके करियर का ‘टर्निंग पॉइंट’ साबित हो रहा है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


