Last Updated:
SRH के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी है कप्तान पैट कमिंस की वापसी. उम्मीद की जा रही है कि कमिंस 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अपना पहला मैच खेलेंगे. हालांकि शुरुआत में खबरें थीं कि वह 7-8 मैच मिस करेंगे, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि उन्होंने सिर्फ 5 मैच ही मिस किए हैं
आईपीएल 2026 में पैट कमिंस की वापसी की तारीख तय
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग में हर सीजन कुछ कहानियां ऐसी बनती हैं, जो अचानक टीमों की किस्मत बदल देती हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 का सफर भी कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है. शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद अब यह टीम ना सिर्फ संभल चुकी है, बल्कि खतरनाक अंदाज में वापसी भी कर चुकी है और अब, जब कप्तान पैट कमिंस की वापसी करीब है, तो SRH की ताकत और भी बढ़ती हुई दिख रही है.
SRH की सबसे बड़ी कमजोरी मानी जा रही गेंदबाजी ने अचानक ही टीम की सबसे बड़ी ताकत का रूप ले लिया है दो अनकैप्ड भारतीय गेंदबाज साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे ने अपने आईपीएल डेब्यू पर ही चार-चार विकेट लेकर सबको चौंका दिया. टेबल टॉपर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके इस प्रदर्शन ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि SRH के पूरे सीजन की दिशा भी बदल दी. अब टीम की गेंदबाजी पहले जैसी कमजोर नहीं लगती, बल्कि संतुलित और प्रभावशाली नजर आ रही है.
पैट कमिंस की वापसी की तारीख तय
अब SRH के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी है कप्तान पैट कमिंस की वापसी. उम्मीद की जा रही है कि कमिंस 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में अपना पहला मैच खेलेंगे. हालांकि शुरुआत में खबरें थीं कि वह 7-8 मैच मिस करेंगे, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि उन्होंने सिर्फ 5 मैच ही मिस किए हैं. कमिंस 27 मार्च को टीम से जुड़े थे, लेकिन इसके बाद वह फिटनेस के लिए वापस ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे. पिछले दो हफ्तों से वह अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं और 15 अप्रैल को उनका फिटनेस टेस्ट होना है अगर वह इस टेस्ट को पास कर लेते हैं, तो 17 अप्रैल तक हैदराबाद पहुंच सकते हैं.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मंजूरी जरूरी
कमिंस की वापसी पूरी तरह Cricket Australia की मंजूरी पर निर्भर करेगी. ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड अपने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर काफी सतर्क रहता है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मिचेल स्टार्क को अभी तक एनओसी नहीं मिला है, जिसके कारण वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं हैं. वहीं कैमरून ग्रीन को भी शुरुआत में गेंदबाजी की अनुमति नहीं दी गई थी, जबकि पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर कूपर कॉनली को केवल बल्लेबाज के रूप में खेलने की इजाजत मिली है.
SRH के लिए कितना अहम है कमिंस का आना
अगर कमिंस फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं और उन्हें एनओसी मिल जाता है, तो यह SRH के लिए सीजन का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है. एक अनुभवी कप्तान और विश्वस्तरीय गेंदबाज के रूप में उनकी मौजूदगी टीम को और संतुलन देगी लेकिन अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को जरा भी संदेह हुआ, तो वे बिना झिझक उन्हें खेलने से रोक सकते हैं. आखिरकार, कमिंस ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान हैं और उनके लिए राष्ट्रीय टीम की प्राथमिकता सबसे ऊपर होगी. अब सभी की नजरें 15 अप्रैल के फिटनेस टेस्ट और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतिम फैसले पर टिकी हैं अगर सब कुछ SRH के पक्ष में जाता है, तो आने वाले मैचों में यह टीम और भी खतरनाक रूप में नजर आ सकती है.


