Last Updated:
प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय ऋषि के अपहरण के बाद सनसनी फैल गई. देर शाम मासूम बेहोशी की हालत में पेड़ के नीचे मिला, जबकि आरोपी कमलेश पटेल का शव उसी पेड़ से लटका मिला. पुलिस ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रतिकात्मक फोटो (AI जेनरेटेड)
प्रतापगढ़. जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के खाखापुर गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सात वर्षीय अपहृत बालक बेहोशी की हालत में मिला और उसका अपहरण करने वाले आरोपी ने कथित तौर पर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान जौनपुर जिले के धरमपुर गांव निवासी कमलेश पटेल के रूप में हुई है, जो रिश्ते में बालक का पड़ोसी चाचा बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, कमलेश पटेल शनिवार सुबह सात वर्षीय ऋषि को अपने साथ लेकर चला गया था. काफी देर तक बालक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद ऋषि के परिजनों ने जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि देर शाम प्रतापगढ़ के खाखापुर गांव से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई.
पेड़ के नीचे मिला मासूम
ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ से युवक का शव लटकता देखा, जिसके नीचे एक मासूम बच्चा बेहोशी की हालत में पड़ा था. सूचना मिलते ही फतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल बच्चे को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई. बाद में बालक को उसके परिजनों को सौंप दिया.
पुलिस से बचने के लिए आत्महत्या की आशंका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कमलेश पटेल ने पुलिस गिरफ्तारी और बदनामी के डर से आत्महत्या की होगी. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं. फतनपुर थाना पुलिस ने आरोपी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें


