18.9 C
Munich

फिन एलन के तूफानी शतक में उड़ी दिल्ली कैपिटल्स, केकेआर ने जीत का चौका लगाकर प्लेऑफ की भरी हुंकार

Must read


होमखेलक्रिकेट

एलन का तूफानी शतक, केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स को रौंदकर भरी प्लेऑफ की हुंकार

Last Updated:

KKR vs DC Highlights: फिन एलन के नाबाद तूफानी शतक से कोलकाता नाइटराइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में 8 विकेट से रौंद दिया. केकेआर की लगातार चौथी जीत है, जिससे टीम अंकतालिका में सातवें पायदान पर पहुंच गई है और उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें भी जिंदा हैं. दूसरी ओर, दिल्ली की 11 मुकाबलों में यह सातवीं हार है. केकेआर से मिली हार से उसकी प्लेऑफ की संभावनाओं को तगड़ा झटका लगा है.

Zoom

फिन एलन ने नाबाद 100 रन की पारी खेली.

नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के शुरुआती 6 मैचों में जीत के लिए तरसी कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने जबरदस्त कमबैक करते हुए अब प्लेऑफ की हुंकार भर ली है. केकेआर ने जीत का चौका लगाते हुए आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से धूल चटाई. अरुण जेटली स्टेडियम में पहले केकेआर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली, जिसके बाद फिन एलन के तूफानी शतक ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया. केकेआर ने 143 रन के लक्ष्य का पीछा 34 गेंदे रहते कर लिया. एलन ने छक्का लगाकर शतक पूरा किया और इसी के साथ टीम की जीत भी पक्की कर दी. केकेआर की टीम 10 मुकाबलों में चार जीत और 9 अंक लेकर अंकतालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, दिल्ली को सातवीं हार का मुंह देखना पड़ा, जिससे उसके टॉप-4 में पहुंचने का रास्ता कठिन हो गया है. दिल्ली ने 11 मुकाबलों में सिर्फ चार ही जीते हैं.

एलन के शतक ने एकतरफा किया मुकाबला
इस मुकाबले से पहले तक टूर्नामेंट में लय ढूंढ रहे इस कीवी बल्लेबाज ने सारी कसर पूरी करते हुए गेंदबाजों पर धावा बोला. सीजन में पहले बार वह पावरप्ले में नॉटआउट रहे, जब उन्होंने 17 गेंदों में 20 रन बनाए. पावरप्ले के बाद एलन ने अपने हाथ खोले और मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के बरसाना शुरू कर दिया. उन्होंने दिल्ली के स्पिनर्स पर खासतौर से अटैक किया और जमकर रन बटोरे. 32 गेंदों में अर्धशतक तक पहुंचने के बाद एलन ने और आक्रामक रुख अपनाते हुए अगली 15 गेंदों में सेंचुरी ठोक दी. उनका आईपीएल में यह पहला सैकड़ा है. उन्होंने 47 गेंदों में 10 छक्के और 5 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन की पारी खेली. एलन ने कैमरन ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 116 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को 14.2 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया. ग्रीन ने 27 गेंदों में 33 रन बनाए.

फिन एलन ने आईपीएल में जमाया पहला शतक.

टारगेट का पीछा करते हुए केकेआर के 31 रन पर दो विकेट गिर चुके थे. कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 13 रन बनाकर रन आउट हो गए. वहीं, अंगकृष रघुवंशी अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने सिर्फ एक ही रन बनाया. शुरुआती झटकों के बाद एलन और ग्रीन ने दिल्ली के गेंदबाजों को मुकाबले में लौटने का कोई मौका नहीं दिया. दिल्ली के स्पिनर महंगे साबित हुए. कुलदीप यादव ने तीन ओवर में 41, विप्रज निगम ने दो ओवर में 34 रन लुटाए. मिचेल स्टार्क ने तीन ओवर में 31 रन दिए.

दिल्ली के बल्लेबाजों ने किया निराश
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 142 रन लगाए. निसांका को छोड़कर टीम की बैटिंग निराशाजनक रही. पथुम निसांका और केएल राहुल ने मिलकर टीम को सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े. राहुल 14 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए. नीतीश राणा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 रन बनाकर आउट हुए. समीर रिजवी को सुनील नरेन ने 3 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा. वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स (2 रन) और कप्तान अक्षर पटेल (11 रन) का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा. पाथुम निसांका ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए. वहीं, अंत के ओवरों में आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया.

केकेआर के स्पिनर्स ने बिछाया जाल
दिल्ली ने पावरप्ले में सिर्फ एक ही विकेट खोया था और बोर्ड पर 55 रन लगा दिए थे, लेकिन बीच के ओवरों में केकेआर के स्पिनर्स ने जाल बिछाया, जिससे दिल्ली के बल्लेबाज पार नहीं पा सके. केकेआर के तीन स्पिनर्स ने 12 ओवर में तीन विकेट चटकाए हुए सिर्फ 76 रन ही खर्चे. कार्तिक त्यागी ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए और दिल्ली को 142 रन से आगे नहीं बढ़ने दिया. अनुकूल रॉय ने 31 रन देकर 2 विकेट निकाले. सुनील नरेन ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 14 रन दिए और एक विकेट चटकाया. कैमरन ग्रीन और वैभव अरोड़ा को भी एक-एक सफलता मिली.

About the Author

authorimg

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article